यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 11, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शौहर के पास पाकिस्तान जाने को फिरोजाबाद की लड़की ने की मां से बगावत
महिला का कहना था कि उसके सामने कोई निकाह नहीं हुआ, बेटी अगर निकाहनामा दिखा रही है, तो गैर कानूनी है।

फिरोजाबाद (जागरण संवाददाता)। पाकिस्तान में शौहर के पास जाने के लिए एक युवती को मां से बगावत करनी पड़ गई। युवती ने आइजी के सामने पेश होकर निकाहनामा और तस्वीर दिखाई। करीब एक पखवाड़े पहले मां का घर छोड़ चुकी युवती ने आरोप लगाया कि मां ने पासपोर्ट अपने कब्जे में कर लिया है। एक साल पहले हुए पाक में निकाह को मां गैरकानूनी बता रही है। उसका कहना है कि बेटी गुमराह हो रही है, वो उसे पाक नहीं जाने देगी।
खून के रिश्तों की ये उलझन फीरोजाबाद के एक परिवार की है। फीरोजाबाद के रसूलपुर क्षेत्र के हाजीपुरा में रहने वाले मजदूर परिवार की युवती ने आइजी मुथा अशोक जैन को बताया कि 13 जून 2016 को अपनी मां के साथ वो पाकिस्तान के सिंध में अपनी मौसी के घर गई थी। वहां एक अगस्त 2016 को मौसी के बेटे से उसका निकाह हुआ।
दो माह बाद ही मां उसे दोबारा भेजने का आश्वासन देकर अपने साथ ले आई। फीरोजाबाद आकर मां ने उसका पासपोर्ट अपने कब्जे में कर लिया। युवती का कहना है कि मां उसका दूसरा निकाह यहीं पर कराना चाहती है, जबकि वो अपने शौहर के पास पाकिस्तान जाना चाहती है।
उधर, युवती की मां ने 'जागरण' को बताया कि उसने बेटी के निकाह का विरोध किया था, तो बहन के परिजनों ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। पांच दिनों बाद उसे दूसरे स्थान पर ले जाया गया। दो माह बाद वह किसी तरह उनके चंगुल से निकलने के बाद बेटी को लेकर फीरोजाबाद आई।
महिला का कहना था कि उसके सामने कोई निकाह नहीं हुआ। बेटी अगर निकाहनामा दिखा रही है, तो गैर कानूनी है। जिस युवक से निकाह बताया जा रहा है वह दो बीवियों को पहले छोड़ चुका है। उसकी गतिविधियां भी संदिग्ध हैं। उसकी इकलौती बेटी को गुमराह कर दिया है, वो 22 दिन से लापता है। एक पखवाड़े पहले थाने में उसकी गुमशुदगी की तहरीर दे दी है। महिला का कहना है कि बेटी को किसी भी हाल में पाकिस्तान में नहीं जाने देगी।
यह भी पढ़ें: शिवराज सिंह चौहान का यूपी दौरा आज से, मथुरा में करेंगे बांके बिहारी के दर्शन
मां-बेटी को बुलाया थाने: आइजी मुथा अशोक जैन ने मां-बेटी को बुलाकर मामले का हल निकालने को कहा है। इसके लिए दोनों को शुक्रवार को थाना रसूलपुर पहुंचने को कहा गया है। कुछ गड़बड़ है: युवती ने आइजी को दिए गए शिकायती पत्र में जो मोबाइल नंबर लिखा है, वो उसकी मां का निकला। पुलिस को युवती ने अपना कोई संपर्क नंबर नहीं दिया। जिस युवक के साथ युवती आइजी से मिलने आई थी, उसे वो अपना कजिन बता रही थी। मगर, युवक के हुलिया के आधार पर मां का कहना था कि ऐसे हुलिया का बेटी का कोई कजिन है ही नहीं।
