यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 18, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
2018 तक भारत में स्मार्टफोन यूजर्स की संख्या हो जाएगी 50 करोड़ के पार: रिपोर्ट
भारत तकनीकी तौर पर पहले से ज्यादा मजबूत हो गया है। यहां यूजर्स स्मार्टफोन की तरफ तेजी से बढ़ रहे ...और पढ़ें

नई दिल्ली (जेएनएन)। दुनियाभर में स्मार्टफोन का इस्तेमाल बढ़ता ही जा रहा है। अमेरिका की मीडिया एजेंसी जेनिथ की तरफ से किए गए एक अध्ययन के मुताबिक, वर्ष 2018 तक सबसे ज्यादा स्मार्टफोन यूजर्स की संख्या (1.3 अरब) चीन में होगी। वहीं, दूसरे नंबर पर भारत होगा। इस अवधि तक भारत में स्मार्टफोन यूजर्स की संख्या 53 करोड़ होगी।
तीसरे नंबर पर होगा अमेरिका:
अध्ययन के मुताबिक, तीसरे नंबर पर अमेरिका होगा। यहां 22.9 करोड़ स्मार्टफोन यूजर्स होंगे। वहीं, अगर पूरी दुनिया की बात की जाए तो साल 2018 में 52 देशों के 66 फीसद लोगों के पास स्मार्टफोन होगा, जबकि साल 2017 में यह आंकड़ा 63 फीसद है। ब्रॉडकास्टिंग केबल डॉट कॉम की रिपोर्ट में इस अध्ययन के हवाले से बताया गया, “स्मार्टफोन और अन्य मोबाइल डिवाइसों का प्रयोग बढ़ने का मतलब है कि ब्रैंड्स और उपभोक्ताओं के बीच ज्यादा से ज्यादा संपर्क बढ़ेगा। यह उपभोक्ताओं को कहीं भी और किसी भी वक्त मीडिया सामग्री से अधिक से अधिक जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा।”
इंटरनेट विज्ञापन में भी होगी बढ़ोतरी:
जेनिथ की रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि साल 2017 के आखिरी तक इंटनरेट पर जो भी विज्ञापन देखे जाते हैं उनमें से 59 फीसद हिस्सा मोबाइल पर देखा जाएगा। इसमें साल दर साल बढ़ोतरी होने का भी अनुमान लगाया गया है। इंटरनेट विज्ञापन में साल 2018 तक 59 फीसद और साल 2019 तक 62 फीसद तक बढ़ने का अनुमान है। जेनिथ के प्रमुख (अनुमान) और निदेशक (ग्लोबल इंटेलीजेंस) जोनाथ बनार्ड के हवाले से कहा गया, “ज्यादातर ग्राहकों और विज्ञापनदाताओं के लिए मोबाइल इंटरनेट ही अब सामान्य इंटरनेट है।”
इसके अलावा अध्ययन में यह भी बताया गया है कि साल 2018 तक यूजर्स सबसे ज्यादा (73 फीसद) मोबाइल डिवाइस पर ही इंटरनेट का इस्तेमाल करेंगे। यह आंकड़ा साल 2017 के मुकाबले 70 फीसद ज्यादा है। साथ ही यह भी अनुमान लगाया गया है कि साल 2019 तक कुल इंटरनेट इस्तेमाल का 76 फीसद हिस्सा मोबाइल पर होगा।