यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 10, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन
इस वर्ष की बाबा अमरनाथ यात्रा खट्टे मीठे अनुभव के साथ संपन्न होने जा रही है। यात्रा संपन्न होने तक ...और पढ़ें

जम्मू, राज्य ब्यूरो। इस वर्ष की बाबा अमरनाथ यात्रा खट्टे मीठे अनुभव के साथ संपन्न होने जा रही है। यात्रा संपन्न होने तक बाबा बर्फानी के पवित्र गुफा में विराजमान रहने, मौसम की मेहरबानी, कश्मीर में हालात के सामान्य रहने से यात्रा में कोई विघ्न नहीं पड़ा। अलबत्ता, यात्रा के दौरान आधार शिविर बालटाल में हिंसा से यात्रा कुछ कड़वे अनुभव जरूर छोड़ रही है।
बाबा अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 28 जून से हुई थी, लेकिन पहलगाम रूट पर भारी बर्फ जमा होने के कारण यात्रा दो जुलाई से शुरू हो पाई। छड़ी मुबारक के दर्शनों के साथ ही रविवार को यात्रा संपन्न होने जा रही है। जम्मू से शनिवार को श्रद्धालुओं का जत्था रवाना नहीं हुआ। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह व जोश अंतिम दिनों तक नजर आया। बढ़ी संख्या में रोजाना ही गैर पंजीकृत श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। एक लाख दस हजार के करीब श्रद्धालु करंट पंजीकरण करवा कर यात्रा पर गए। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने आवश्यक स्वास्थ्य प्रमाणपत्र पर अपना रवैया सख्त रखा।
पिछले वर्ष 2013 में 3.54 लाख ने बाबा अमरनाथ की यात्रा की थी। इस वर्ष 3.75 लाख के करीब श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। भले ही पिछले वर्ष के मुकाबले में श्रद्धालुओं की संख्या में थोड़ी बढ़ोतरी हुई लेकिन इस बार यात्रा पर पिछले वर्ष की तुलना में अधिक श्रद्धालुओं की मौत हुई है। इस बार अब तक 45 श्रद्धालुओं की मौत हुई, जबकि वर्ष 2013 में 13 श्रद्धालुओं की जान गई। वर्ष 2012 में 93 व वर्ष 2011 में 106 श्रद्धालुओं की मौत हुई थी। वर्ष 2012 में 6.21 लाख व वर्ष 2011 में 6.35 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे।
वर्ष 2013 में उत्तराखंड में केदारनाथ त्रासदी का असर बाबा अमरनाथ यात्रा पर दिखाई दिया था। इस बार प्रकृति की मेहरबानी रही, लेकिन उसके बावजूद यात्रा कोई नया रिकॉर्ड नहीं बना पाई। सबसे अधिक वर्ष 2011 में 6.35 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन कर रिकॉर्ड कायम किया था।
श्रद्धालुओं का अंतिम जत्था पवित्र गुफा रवाना
श्रीनगर। नुनवन व बालटाल आधार शिविरों से शनिवार को 482 श्रद्धालुओं का अंतिम जत्था पवित्र गुफा की तरफ रवाना हो गया। संबंधित अधिकारियों के अनुसार बालटाल से 398 जबकि नुनवन आधार शिविर से 84 श्रद्धालु पवित्र गुफा की तरफ रवाना हो गए।
पवित्र छड़ी पहुंची पंजतरणी
जम्मू, जागरण ब्यूरो। बाबा अमरनाथ यात्रा श्रवण पूर्णिमा वाले दिन रविवार को संपन्न होगी। इस दिन छड़ी मुबारक दर्शन करेगी। महंत दिपेंद्र गिरि जी महाराज के नेतृत्व में छड़ी मुबारक पंजतरणी पहुंच गई है। सुबह पवित्र गुफा पहुंच कर दर्शन करेगी।
राज्यपाल एनएन वोहरा जो श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के चेयरमैन भी हैं, के भी श्रवण पूर्णिमा पर पवित्र गुफा पहुंच कर पूजा अर्चना करने की संभावना है। अब तक पौने चार लाख के करीब श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। 208732 श्रद्धालुओं ने बालटाल रूट से और 138370 श्रद्धालुओं ने पहलगाम रूट से यात्रा की है। बालटाल रूट से 26 और पहलगाम रूट से 19 श्रद्धालुओं की मौत हुई।
चीफ मेडिकल आफिसर अनंतनाग डॉ. नजीर शदाब ने बताया कि पुलिस अस्पताल में 2115 श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच की। नुनवन में हेल्थ सेंटर में 10282 श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। वहीं, आइएसएम प्रायोजित मेडिकल कैंप में 16000 श्रद्धालुओं ने जांच करवाई।
