शादी के दो दिन बाद ही भागी दुल्हन, तलाश में भटक रहा दूल्हा
संगरूर के एक गांव में एक युवक को शादी के नाम पर बिचौलिया ने दुल्हन बनी लड़की और उसकी मौसी ने करीब डेढ़ लाख रूपये का चूना लगा दिया। दुल्हन शादी के दो दिन बाद ही ससुराल से चली गई। अब दूल्हा उसकी तलाश में भटक रहा है।
जागरण संवाददाता, संगरूर। नजदीकी गांव खेड़ी में एक व्यक्ति से शादी का ढोंग रचाकर डेढ़ लाख की ठगी करने का मामला सामने आया है। ससुराल में दुल्हन दो दिन रहने के बाद अपने मौसी के साथ अपने घर गई जाने के बहाने गई और फिर लौटकर नहीं आई। दूल्हा और उसका परिवार दुल्हन, उसकी मौसी और शादी कराने वाले बिचौलिये को तलाश रहा है, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल रहा है।
ठगी का शिकार हुए नौजवान गुरप्रीत सिंह काला की मां कुलदीप कौर ने कहा कि उनके गांव के गुरुद्वारा साहिब में गत माह सुखजिंदर सिंह सुक्खी तथा उसके साथ एक महिला दिंदर कौर आई थी। वे श्री गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी से एक गरीब घर की लड़की का रिश्ता गांव में करवाने की बात करने लगे। उनकी बात सुनकर ग्रंथी ने हमारी मुलाकात करवा दी।
कुलदीप कौर ने कहा कि सुखजिंदर ने उससे रिश्ता करवाने के एवज में 50 हजार रुपये मांगे और साथ ही कहा कि लड़की का परिवार काफी गरीब है इसीलिए शादी का पूरा खर्च लड़के वालों को वहन करना पड़ेगा। कुलदीप कौर ने कहा कि हम रिश्ते के लिए सहमत हो गए। इसके बाद लड़की को गांव के गुरुद्वारा साहिब में दिखाया गया, फिर बरात मानसा लाने के लिए कहा गया।
दूल्हे की मां ने बताया कि जब 27 मार्च को हम लड़के सहित शादी करने के लिए बिचाैलिया सुखजदर सिंह द्वारा बताए गए स्थान मानसा पहुंचे तो वहां दिंदर कौर मिली। उसने कहा कि लड़की की रिश्तेदारी में किसी लड़के की मौत हो गई है। इसलिए वह गांव मुसापुर (तलवंडी साबो रोड) से लड़की को विदा करेंगे और शादी की रस्मों अनुसार आनंद कारज नहीं करवाएंगे।
इसके बाद दूल्हे के परिजन मुसापुर पहुंचे व ठगों ने आनंद कारज करने की बजाए हार पहनाकर लड़की को विदा करने की बात मनवा ली। इसके उपरांत लड़की दो दिन ससुराल में रही। ससुराल परिवार ने करीब लाख रुपये लड़की के कपड़े व अन्य सामान पर खर्च कर दिए।
29 मार्च को लड़की के अभिभावकोंं की ओर से लड़की की मौसी छिंदर कौर एक अन्य लड़के के साथ दूल्हे के घर पहुंची व लड़की बहाना बनाकर साथ ले गई। इसके बाद दुल्हन नहीं लौटी। इसके बाद, दूल्हा व उसका परिवार दुल्हन की तलाश में मानसा व मुसापुर पहुंचे, लेकिन उन्हें दुल्हन का कोई अता-पता नहीं मिला।
उन्होंने बिचौलिये के फोन पर संपर्क किया, लेकिन कुछ दिन बाद वह नंबर भी बंद हो गया। लड़के की मां ने बताया कि उनके साथ विवाह के नाम पर उक्त व्यक्तियों व लड़की ने ठगी की है। वह पुलिस की मदद से इन ठगों पर कड़ी कार्रवाई करवाएंगे।
उधर, इस दौरान जब गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी गुरमेल सिंह से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि उसने गांव भटियां निवासी सुखविंदर सिंह सुक्खी व लड़की की मौसी मुसापुर निवासी छिंदर कौर को लड़के के परिजनों को मिलवाया था। रिश्ते के लिए 50 हजार रुपये भी सुखविंदर ने लिए, लेकिन शादी के दो दिन बात से ही सभी गायब है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।