Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आइएस इलाके में रूसी विमान ध्वस्त, 224 की मौत, राष्ट्रीय शोक आज

    By Bhupendra SinghEdited By:
    Updated: Sun, 01 Nov 2015 07:57 AM (IST)

    रूसी एयरलाइंस के एक विमान का शनिवार को उड़ान भरने के थोड़ी ही देर बाद नियंत्रण कक्ष से संपर्क टूट गया और वह मिस्र के सिनाई प्रायद्वीप की पहाडिय़ों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के कारण विमान में सवार सभी 224 यात्रियों की मौत हो गई है।

    काइरो, एजेंसियां। रूसी एयरलाइंस के एक विमान का शनिवार को उड़ान भरने के थोड़ी ही देर बाद नियंत्रण कक्ष से संपर्क टूट गया और वह मिस्र के सिनाई प्रायद्वीप की पहाडिय़ों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के कारण विमान में सवार सभी 224 यात्रियों की मौत हो गई है। खबर लिखने तक मलबे से 120 शव निकाले जा चुके थे। विमान के एक हिस्से से चार लोगों को जिंदा निकाला गया था, लेकिन थोड़ी देर बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सिनाई प्रायद्वीप का यह इलाका आइएस आतंकियों की हिंसा से प्रभावित है। इस बीच, आतंकी संगठन आइएस ने ट्विटर पर विमान मार गिराने का दावा किया। आइएस ने ट्वीट किया, 'इस्लामिक स्टेट के लड़ाके रूसी विमान को सिनाई प्रांत में गिराने में सफल रहे। यह सीरिया में मारे गए सैकड़ों मुस्लिमों की हत्या का बदला है। इसमें 220 रूसी नागरिक सवार थे। सभी मारे गए हैं, अल्लाह का शुक्र है।'

    तकनीकी चूक से हुआ हादसा

    हालांकि रूस के परिवहन मंत्री ने कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं हो सकता है। हादसे के बाद स्थिति पर निगरानी रख रहे दल की अगुआई कर रहे पायलट अमान अल-मुकदम ने कहा कि 'तकनीकी चूक' के कारण दुर्घटना हुई है। विमान का मलबा सिनाई के सबसे बड़े शहर अल आरिश से 100 किमी दक्षिण में मिला है। सुरक्षा बलों ने दुर्घटनास्थल को पूरी तरह से घेर लिया है। उन्होंने कहा, एयरबस ए321 (मेट्रोजेट) के पायलट को तकनीकी खराबी का अहसास था। उसने इसकी सूचना विमानन अधिकारियों को देते हुए विमान को नजदीक में ही अल आरिश हवाईअड्डे पर उतारने की इजाजत मांगी थी। उसने कहा था कि उसे लग रहा है कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हो जाएगा।

    लुफ्थांसा व एयरफ्रांस ने सिनाई के ऊपर से उड़ान पर लगाई रोक

    हादसे के बाद यूरोप की दो बड़ी एयरलाइंस, जर्मनी की लुफ्थांसा और फ्रांस की एयरफ्रांस-केएलएम ने दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता चलने तक अपने विमानों के सिनाई प्रायद्वीप के ऊपर से उड़ान भरने पर रोक लगा दी है।

    रूस में आज राष्ट्रीय शोक

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हादसे की आपराधिक जांच के लिए दस्ते को मौके पर भेजने का आदेश दिया है। उन्होंने रविवार को राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। हालांकि मिस्र ने किसी भी तरह के हमले की आशंका से इन्कार किया है। मिस्र के प्रधानमंत्री इस्माइल शरीफ ने हादसे की जांच के लिए मंत्रिस्तरीय समिति का गठन किया है। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी ने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया है।

    23 मिनट में संपर्क टूटा

    मिस्र के स्थानीय समयानुसार, विमान ने सुबह के 5:52 बजे शर्म अल शेख के रेड सी रिजॉर्ट से रूस के सेंट पीट्सबर्ग के लिए उड़ान भरी थी। 23 मिनट बाद इसका यातायात नियंत्रण कक्ष से संपर्क टूट गया। उस समय विमान 31 हजार फीट की ऊंचाई पर था। कुछ घंटों बाद मिस्र के सैन्य विमानों को मलबा नजर आया।

    पांच बच्चे भी

    विमान में 217 यात्री (214 रूस व तीन यूक्रेन के नागरिक) और चालक दल के सात सदस्य थे। मिस्र के अधिकारियों के मुताबिक, पांच बच्चों के शव बरामद किए गए हैं।

    कंपनी पर भी मुकदमा

    ए321 एक चार्टर्ड विमान था। रूस के पश्चिमी साइबेरिया की एक छोटी एयरलाइंस कोगलीमाविया इसका संचालन कर रही थी। रूसी समाचार एजेंसी रिया के अनुसार, एयरलाइंस पर आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।

    सुरक्षित विमानों में एक

    एयरबस ए321 सबसे सुरक्षित विमानों में से एक है। 1994 से संचालित यह एक अत्याधुनिक विमान है। पायलट को सुरक्षित सीमाओं में उड़ान संचालित करने के लिए विमान कंप्यूटर पर निर्भर रहता है। वैश्विक स्तर पर फिलहाल 1100 ए321 विमान सेवाएं दे रहे हैं।

    दो साल बाद

    करीब दो साल बाद रूस का कोई विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। आखिरी बार नवंबर 2013 में कजान हवाई अड्डे पर उतरते वक्त एक विमान हादसे का शिकार हो गया था। इस हादसे में 50 लोगों की मौत हो गई थी।

    comedy show banner
    comedy show banner