विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 13, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दावा ठोकते ही सोशल मीडिया में छा गईं हिलेरी

By Sachin BajpaiEdited By:
Published: Mon, 13 Apr 2015 08:06 PM (IST)Updated: Mon, 13 Apr 2015 08:17 PM (IST)

अमेरिका में अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन की ओर से दावेदारी पेश करने के साथ ही दौड़ शुरू हो गई है।

News Article Hero Image

सैन फ्रांसिस्को । अमेरिका में अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन की ओर से दावेदारी पेश करने के साथ ही दौड़ शुरू हो गई है। सोशल मीडिया में हिलेरी ने जिस तरह से शुरुआत की है यदि उसे पैमाना माना जाएं तो अमेरिका की पहली महिला कमांडर इन चीफ बनने की राह में वे प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे हैं।

ट्विटर पर हैशटैग के साथ हिलेरी दुनियाभर में ट्रेंड कर रहा है। दावेदारी को लेकर किए गया उनका ट्वीट रविवार को करीब 90 हजार बार रिट्वीट किया गया। 138 सेकेंड का उनका कैंपेन वीडियो यूट्यूब पर 10 लाख बार देखा गया। उनके फेसबुक पेज को पहले दिन पांच लाख से ज्यादा लाइक मिले।

प्रचार के सूत्रधार

जॉन पोडेस्ट हिलेरी के चुनाव प्रचार अभियान के प्रमुख हैं। बिल क्लिंटन के कार्यकाल में व्हाइट हाउस में चीफ ऑफ स्टाफ रहे हैं। 2008 में बराक ओबामा की टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं।

- रॉबिन मूक : हिलेरी के करीबी मित्र । 2008 में भी चुनाव अभियान संभाला था और कई इलाकों में बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

-जोएल बेनेसन : 2008 में ओबामा के चुनावी सर्वेक्षक की भूमिका निभा चुके हैं।

-जिम मारगोलिस : हिलेरी के मीडिया सलाहकार। ओबामा के लिए भी काम कर चुके हैं। बिल क्लिंटन के सलाहकार भी रहे हैं।

-जेनिफर पालमिरी : व्हाइट हाउस में कम्युनिकेशन डायरेक्टर रह चुकी हैं।

7 साल में कितनी बदलीं

हिलेरी 2008 में भी डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से दावेदारी पेश कर चुकी हैं। उस समय उनका चुनाव अभियान खुद पर केंद्रित था। इस बार इसके केंद्र में अमेरिकी जनता है। यह पिछले सात सालों में उनके व्यक्तित्व और रणनीति में आए बड़े बदलाव का प्रतीक है। इस बार मतदाताओं से सीधा संपर्क करने के लिए वे छोटी-छोटी सभाएं करेंगी।

ताकत

-पूर्व प्रथम महिला और सांसद के तौर पर लंबा अनुभव।

-पिछली हार से सीखते हुए बड़े स्तर पर चुनावी तैयारी।

-2008 के मुकाबले डेमोक्रेटिक पार्टी में मजबूत स्थिति।

कमजोरी

-पति बिल क्लिंटन के स्कैंडल और पारदर्शी न होना।

-बेनगाजी मामले में उनके रुख पर आज भी विवाद है।

-मशहूर शख्सियत होने के बावजूद विश्वसनीय नहीं।

विपक्ष का हमला

दावेदारी की घोषणा के साथ ही हिलेरी पर विपक्षी रिपब्लिकन पार्टी ने हमला शुरू कर दिया है। रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के संभावित दावेदार फ्लोरिडा के पूर्व गवर्नर जेब बुश ने विदेश मंत्री के तौर पर हिलेरी द्वारा लिए गए फैसलों की आलोचना की है। विदेश मंत्री रहते निजी ई-मेल का इस्तेमाल करने के मामले को भी विपक्ष जोर-शोर से उठा रहा है।

विकिलीक्स का लोगो चुराया

विकिलीक्स ने हिलेरी पर चुनाव अभियान के लिए उसका ट्विटर लोगो चुराने का आरोप लगाया है। विकिलीक्स ने ट्वीट कर दोनों लोगों की तुलना करते हुए यह आरोप लगाया है। हिलेरी के लोगो में लाल रंग का तीर नीले रंग के 'एच' को जोड़ता है। विकिलीक्स के लोगो में दो ग्लोब को इसी तरह लाल तीर से जुड़ता है।

ये भी हैं दावेदार

डेमोक्रेटिक पार्टी

-मार्टिन ओमाले

-जिम वेब

रिपब्लिकन

-जेब बुश

-टेड कू्रज

-रैंड पॉल

-बॉबी जिंदल