विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 06, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने की व्यापक आव्रजन सुधारों की वकालत

By Sudhir JhaEdited By:
Published: Wed, 06 May 2015 08:11 PM (IST)Updated: Wed, 06 May 2015 08:39 PM (IST)

अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने व्यापक आव्रजन सुधारों की मांग की है। उन्होंने कहा है कि यह ...और पढ़ें

News Article Hero Image

वाशिंगटन। अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने व्यापक आव्रजन सुधारों की मांग की है। उन्होंने कहा है कि यह मसला चुनाव अभियान के दौरान उनके चार प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेगा। वे अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवारी हासिल करने की दौड़ में शामिल हैं।

नेवादा में युवाओं के एक समूह के साथ बातचीत में हिलेरी ने कहा कि व्यापक आव्रजन सुधारों से अमेरिका और उसकी अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यही कारण है अमेरिकी इसके समर्थन में हैं। उन्होंने इस मुद्दे को युवाओं के सपनों से जुड़ा बताया। इस दौरान सबको समान नागरिकता मुहैया कराने के लिए राष्ट्रपति बराक ओबामा के पिछले साल लिए गए फैसले का भी उन्होंने समर्थन किया।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका में 1.1 करोड़ से ज्यादा अवैध प्रवासी रहते हैं। इनमें एक बड़ी संख्या भारतीयों की भी है। ओबामा ने नवंबर में आव्रजन सुधारों की घोषणा की थी। उससे 50 लाख के करीब प्रवासियों को स्थायी दर्जा मिलने की उम्मीद है। हिलेरी ने बचे हुए लोगों को भी इस कानून के दायरे में लाने की वकालत की है। माना जा रहा है कि इससे हिलेरी प्रवासियों, खासकर भारतीय और लातिन अमेरिकी मतदाताओं को लुभाने में कामयाब हो सकती हैं।

विवादों के बावजूद सबसे आगे

क्लिंटन फाउंडेशन को मिले चंदे और ई-मेल विवाद के बावजूद राष्ट्रपति बनने की दौड़ में हिलेरी क्लिंटन सबसे आगे दिख रहीं हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स और सीबीएस न्यूज के ताजा सर्वेक्षण के मुताबिक राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी हासिल करने की दौड़ में शामिल अन्य डेमोक्रेट नेता उनसे काफी पीछे हैं। संभावित रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी भी उनके आगे टिकते नहीं दिख रहे। सर्वे में शामिल 10 में से नौ डेमोक्रेट ने उनका समर्थन करते हुए कहा कि वे पहली महिला राष्ट्रपति चुनने के लिए तैयार हैं। पंजीकृत मतदाताओं में से 78 फीसद उन्हें राष्ट्रपति के तौर पर देखना चाहते हैं। 61 फीसद रिपब्लिकन समर्थक मतदाता भी उनके साथ हैं। 66 फीसद लोगों का यह भी मानना है कि पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन अपनी पत्नी हिलेरी के चुनाव अभियान को प्रभावित कर सकते हैं। सर्वे में रिपब्लिकन नेता और लुसियाना के गवर्नर बॉबी जिंदल काफी पीछे हैं। आधे से ज्यादा मतदाता उनके बारे में नहीं जानते हैं।

पढ़ेंः चटवाल को सम्मान के बदले हिलेरी ने कराया परमाणु समझौता