विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

संयुक्त राष्ट्र को जीवंत बनाने का यह सही समय

By Test1 Test1Edited By:
Published: Wed, 02 Sep 2015 06:26 PM (IST)Updated: Wed, 02 Sep 2015 06:59 PM (IST)

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में तत्काल सुधार पर जोर देते हुए कहा है कि भारत ...और पढ़ें

News Article Hero Image

संयुक्त राष्ट्र। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में तत्काल सुधार पर जोर देते हुए कहा है कि भारत को इसका स्थायी सदस्य बनाकर इसे जीवंत बनाने का यह सही समय है। सुमित्रा ने यह बात 31 अगस्त को 'संसद के अध्यक्षों के चौथे विश्व सम्मेलन' से इतर संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून के साथ मुलाकात के दौरान कही। सूत्रों के मुताबिक, करीब 30 मिनट की इस भेंट में दोनों नेताओं के बीच सुरक्षा परिषद में सुधार, आतंकवाद, शांति बहाली और जलवायु परिवर्तन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

बातचीत के दौरान बान ने भारतीय लोकतंत्र की जीवंतता की सराहना की। इस पर सुमित्रा ने कहा कि एक जीवंत सुरक्षा परिषद का समय आ गया है, जिसमें भारत स्थायी सदस्य के तौर पर शामिल हो। सुमित्रा ने बान से कहा कि भारत नई जिम्मेदारी स्वीकार करने के लिए तैयार है। दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र एवं उभरती हुई अर्थव्यवस्था सुरक्षा परिषद को अधिक व्यापक और प्रतिनिधिपरक बनाएगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक वास्तविकताओं को स्वीकार करते हुए सुरक्षा परिषद का पुनर्गठन होना चाहिए। सुधार न होने से इसकी विश्वसनीयता और प्रभावशीलता पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि बान के नेतृत्व में हम संयुक्त राष्ट्र में तत्काल सुधार की उम्मीद करते हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र इस साल अपनी 70वीं सालगिरह मना रहा है और इस ऐतिहासिक अवसर का उपयोग सुधार के लिए किया जाना चाहिए। राज्यसभा के उप सभापति पीजे कुरियन और अन्य भारतीय अधिकारी भी इस दौरान मौजूद थे। करीब आठ माह में बान की मून और सुमित्रा महाजन की यह दूसरी मुलाकात थी। बान ने इस साल जनवरी में अपने नई दिल्ली दौरे में सुमित्रा से मुलाकात की थी।


बातचीत रद होने पर संयुक्त राष्ट्र पहुंचा पाकिस्तान

संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष-निर्वाचित चार दिन की भारत यात्रा पर