विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जेल में रो रहीं दक्षिण कोरिया की पूर्व राष्ट्रपति पार्क

By Mohit TanwarEdited By:
Published: Sat, 01 Apr 2017 02:57 PM (IST)Updated: Sun, 02 Apr 2017 05:08 AM (IST)

संसद में महा अभियोग प्रस्ताव पारित होने के बाद संवैधानिक अदालत ने दस मार्च को पार्क को राष्ट्रपति पद से हटाने का आदेश दिया था।

जेल में रो रहीं दक्षिण कोरिया की पूर्व राष्ट्रपति पार्क
जेल में रो रहीं दक्षिण कोरिया की पूर्व राष्ट्रपति पार्क

सियोल, एएफपी। दक्षिण कोरिया की पूर्व राष्ट्रपति पार्क ग्यून हेई को जेल में अलग सेल में रखा गया है और उन्हें कैदी नंबर 503 का बिल्ला दिया गया है। उन्हें सामान्य से थोड़ी बड़ी 10.6 वर्गमीटर की सेल में रखा गया है। एक टीवी चैनल के मुताबिक 65 वर्षीय पूर्व राष्ट्रपति को सेल में रोते हुए सुना गया। उन्हें भ्रष्टाचार के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था।

संसद में महा अभियोग प्रस्ताव पारित होने के बाद संवैधानिक अदालत ने दस मार्च को पार्क को राष्ट्रपति पद से हटाने का आदेश दिया था। उन पर अपनी सहेली चोई सुन सिल के जरिये रिश्वत लेकर कंपनियों को फायदा पहुंचाने का आरोप है। इसके अतिरिक्त उन पर अधिकारियों के साथ दु‌र्व्यवहार करने और सरकार के गोपनीय दस्तावेज लीक करने के भी आरोप हैं। लेकिन पूर्व राष्ट्रपति ने खुद पर लगे ज्यादातर आरोपों को गलत बताया है। जांच एजेंसियां उन्हें 19 अप्रैल तक हिरासत में रखकर पूछताछ कर सकती हैं। दोष सिद्ध होने पर पार्क को दस साल तक की सजा हो सकती है। वह दक्षिण कोरिया के पूर्व तानाशाह पार्क चुंग ही की बेटी हैं।

समर्थकों ने रिहाई की मांग

पार्क के समर्थकों ने शनिवार को राजधानी सियोल में रैली करके अपनी नेता को रिहा करने की मांग की। रैली स्थल के नजदीक पार्क विरोधी भी एकत्रित हो गए थे। लेकिन वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने टकराव की आशंका से उन्हें दूर रखा। पार्क की गिरफ्तारी पर पूरा देश साफ तौर पर बंटा हुआ है।

यह भी पढ़ें: तंबाकू खाने पर योगी आदित्यनाथ के ड्राइवर पर लगा 500 रुपये का जुर्माना