बोको हराम ने सौ से अधिक लोगों को मौत के घाट उतारा
उत्तरी कैमरून के फोटोकोल कस्बे में बोको हराम के लड़ाकों ने घरों और एक मस्जिद में घुसकर सौ से अधिक लोगों को मार डाला।
याओंडे। उत्तरी कैमरून के फोटोकोल कस्बे में बोको हराम के लड़ाकों ने घरों और एक मस्जिद में घुसकर सौ से अधिक लोगों को मार डाला।
यह नरसंहार की घटना इस्लामिक आतंकी समूह बोको हराम के खिलाफ जारी बड़े सैन्य अभियान के बीच हुई है। यह समूह पड़ोसी देश नाइजीरिया में सैकड़ों लोगों का अपहरण और हजारों लोगों को मार चुका है। उसके लड़ाकों ने सीमा पार भी हमले तेज कर दिए हैं।
एक स्थानीय नेता अबाचू अबाचा ने बुधवार को बताया, 'बोको हराम के लड़ाकों ने तड़के गेम्बारु की तरफ से फोटोकोल में प्रवेश किया और उन्होंने एक मस्जिद और घरों में घुसकर 100 से भी अधिक लोगों को मौत के घाट उतार दिया।' कैमरून के स्थानीय अखबारों के मुताबिक, बहुत से लोगों को गला काटकर मारा गया।
बोको हराम के तीन सौ आतंकी मारे गए
दूसरी ओर कैमरून और चाड के संयुक्त सैन्य अभियान में बोको हराम के कम से कम तीन सौ लड़ाके मारे गए। शिन्हुआ ने बुधवार को सैन्य सूत्रों के हवाले से बताया कि इसमें चाड के 16 सैनिकों की भी मौत हो गई है। यह अभियान नाइजीरिया की सीमा से सटे कैमरून के उत्तरी इलाके में चलाया जा रहा है। एक दिन पहले दौ सौ लड़ाकों के मारे जाने की खबर आई थी। हालांकि चाड की सेना ने कहा था कि यह अनुमानित संख्या है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।