यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 06, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रेप के आरोपी को बिना ठोस सबूत नहीं माना जा सकता दोषी
यदि गवाह अभियोजन के केस की पुष्टि नहीं करे या कोई ठोस सबूत न दे तो दुष्कर्म के आरोपी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता।

नई दिल्ली। एक स्थानीय अदालत ने कहा है कि यदि गवाह अभियोजन के केस की पुष्टि नहीं करे या कोई ठोस सबूत न दे तो दुष्कर्म के आरोपी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। अदालत ने इसी आधार पर दुष्कर्म के एक आरोपी को बरी भी कर दिया।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश निवेदिता अनिल शर्मा ने कहा कि इस बात को लेकर काफी हंगामा होता है कि अदालतें दुष्कर्म के आरोपियों को सजा नहीं देती हैं। लेकिन दुष्कर्म के आरोपी किसी भी व्यक्ति को बगैर ठोस गवाह या सबूत के दोषी नहीं करार दिया जा सकता है। जज ने कहा- "इसकी अनदेखी नहीं की जानी चाहिए कि अदालतें कानून से बंधी होती हैं और फाइल में दर्ज प्रविष्टियां या गवाहों के बयानों को भावनाओं या मीडिया रिपोर्टिंग के आधार पर मोड़ा नहीं जा सकता है।"
कोर्ट ने यह टिप्पणी दुष्कर्म तथा महिला का शीलभंग करने व अन्य आरोपों से अजयवीर सिंह नामक आरोपी को सबूतों के अभाव में बरी करते हुए की। कोर्ट ने कहा कि अभियोजन का केस न तो भरोसेमंद है और न ही विश्वसनीय। साथ ही अभियोजन दुष्कर्म, धमकी तथा महिला का शील भंग करने का आरोप साबित करने में विफल रहा है।
कोर्ट ने कहा कि कथित पीड़िता के भी बयान घटना होने की असंभाव्यता बताता है। दरअसल कथित पीड़िता ने बयान दिया कि आरोपी ने उसके खिलाफ कोई अपराध नहीं किया। अभियोजन का आरोप था कि पीड़िता के पति के चचेरे भाई सिंह ने 24 मई, 2013 की मध्यरात्रि को चाकू से डरा कर दुष्कर्म किया।