यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 05, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पार्रिकर बन सकते हैं रक्षा मंत्री, रेल मंत्री की हो सकती है छुट्टी
गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर को देश का रक्षा मंत्री बनाया जा सकता है। वित्त मंत्री अरुण जेटली के पास ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर को देश का रक्षा मंत्री बनाया जा सकता है। वित्त मंत्री अरुण जेटली के पास ही रक्षा मंत्रालय का भी प्रभार है। मीडिया में चल रही अटकलों के अनुसार, नौ नवंबर को पूर्वाह्न में यह विस्तार किया जा सकता है। दस नए मंत्रियों को सरकार में शामिल किए जाने की बात कही जा रही है। राजनीतिक गलियारों में एक चर्चा यह भी है कि रेल मंत्री सदानंद गौड़ा सरकार से हट सकते हैं।
गोवा के मुख्यमंत्री पार्रिकर द्वारा बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल की प्रस्तावित बैठक रद कर दिल्ली के लिए उड़ान भरने के साथ ही मोदी सरकार में विस्तार की चर्चा शुरू हो गई। दिल्ली पहुंचकर पार्रिकर ने सीधे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की। इसके बाद वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने उनके आवास सात रेसकोर्स रोड पर गए।
पार्रिकर का इन्कार
प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के बाद पार्रिकर ने कहा कि इस मुलाकात में उनके केंद्र में मंत्री बनने को लेकर कोई बात नहीं हुई। इस तरह यह मामला ही खत्म है। मैंने अपने राज्य से संबंधित मुद्दों पर बातचीत के लिए प्रधानमंत्री से समय मांगा था और हमारी बातचीत इसी पर केंद्रित रही। यह पूछे जाने पर कि क्या वे गोवा के मुख्यमंत्री बने रहेंगे? पार्रिकर ने कहा, बिल्कुल।
चर्चा में ये नाम
सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल विस्तार में मुख्तार अब्बास नकवी को कार्यक्रम क्रियान्वयन और सांख्यिकी विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। हरियाणा के प्रमुख जाट नेता बीरेंद्र सिंह और युवा सांसद अनुराग ठाकुर को स्वतंत्र प्रभार का राज्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा है। हंसराज अहीर को ग्रामीण विकास विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा के बेटे जयंत सिन्हा को रक्षा या वित्त मंत्रालय में राज्य मंत्री का दर्जा दिया जा सकता है। निर्मला सीतारमण से वित्त विभाग की जिम्मेदारी ली जा सकती है। इसके साथ ही सुरेश प्रभु और गिरिराज सिंह के नाम भी संभावित मंत्रियों के तौर पर लिए जा रहे हैं।
चुनाव पर नजर
फेरबदल करते समय काफी जोर बिहार जैसे उन राज्यों पर होगा, जहां आने वाले वक्त में चुनाव होने हैं। जातीय समीकरण को साधने में लगी भाजपा बिहार से एक विशेष जाति (भूमिहार) के सांसद को मंत्री बना सकती है।
गोवा में कौन?
मनोहर पार्रिकर के दिल्ली जाने की स्थिति में आरएसएस पृष्टभूमि के दो भाजपा नेताओं के नाम की चर्चा चल रही है। इसमें लक्ष्मीकांत पारसेकर और राजेंद्र आर्लेकर का नाम शामिल है। गोवा सरकार में दोनों को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। अब दोनों में से कोई एक मुख्यमंत्री के लिए चुना जाएगा।
इनका बढ़ सकता है कद
सूचना प्रसारण राज्यमंत्री प्रकाश जावड़ेकर और वाणिज्य राज्यमंत्री निर्मला सीतारमण को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है।
इनका बोझ होगा कम
अरुण जेटली, नितिन गडकरी और रविशंकर प्रसाद जैसे मंत्रियों के पास इस समय कई मंत्रालय हैं। उनका भार हल्का किया जा सकता है।
फिलहाल हैं 45 मंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 45 मंत्रियों के साथ 26 मई 2014 को शपथ ली थी। अभी यह आजाद भारत का अब तक का सबसे छोटा मंत्रिमंडल है। मोदी ने सिर्फ 23 कैबिनेट मंत्री बनाए, जबकि 10 स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्री हैं और 12 राज्य मंत्री हैं। पिछली सरकार में 80 मंत्री थे। मोदी अपने मंत्रिमंडल में 81 मंत्री बना सकते हैं।
मोदी की पसंद
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईमानदार छवि के मनोहर पार्रिकर को रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी देना चाहते हैं। पार्रिकर आइआइटी मुंबई से मेटलर्जिकल इंजीनियङ्क्षरग में स्नातक हैं।
* 2015-16 के बजट को देखते हुए अरुण जेटली के लिए वित्त मंत्रालय के साथ-साथ रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी चुनौती साबित हो रही है।
* पाकिस्तान की तरफ से युद्धविराम के उल्लंघन और चीन से घुसपैठ को देखते हुए रक्षा मंत्रालय में पूर्णकालिक मंत्री की जरूरत महसूस की जा रही है।
पढ़ें : दिल्ली में मोदी होंगे चेहरा, विकास होगा मुद्दा
वाघा के हमलावरों ने दी मोदी को धमकी, कहा गुजरात का बदला शीघ्र लेंगे