विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 06, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

शिवसेना सांसद गायकवाड़ ने सरकार को लिखी चिट्ठी, बैन हटाने की मांग की

By Sanjeev TiwariEdited By:
Published: Thu, 06 Apr 2017 12:11 PM (IST)Updated: Thu, 06 Apr 2017 11:09 PM (IST)

गुरुवार को एयरलाइन स्टाफ से मारपीट के आरोपी शिवसेना सांसद रवींद्र गायकवाड़ सदन में पहुंचे। इस दौरान उनके समर्थन में शिवसेना सांसदों ने नारेबाजी की।

शिवसेना सांसद गायकवाड़ ने सरकार को लिखी चिट्ठी, बैन हटाने की मांग की
शिवसेना सांसद गायकवाड़ ने सरकार को लिखी चिट्ठी, बैन हटाने की मांग की

नई दिल्ली(जेएनएन)। शिवसेना सांसद रवींद्र गायकवाड़ द्वारा एयर इंडिया के कर्मचारी की पिटाई के मुद्दे पर लोकसभा में  गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। इस मुद्दे पर शिवसेना आर पार की लड़ाई का ऐलान कर चुकी है। शिवसेना ने धमकी दी है कि एयरलाइंस द्वारा गायकवाड़ पर लगाया गया बैन अगर नहीं हटा तो मुंबई और पुणे से किसी भी एयरलाइंस की उड़ान का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। इस धमकी के बाद एयर इंडिया के स्टाफ ने सुरक्षा की मांग की है। शिवसेना की धमकी के बाद नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू और लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के बीच बातचीत हुई।

गायकवाड़ ने जताया खेद

रवींद्र गायकवाड़ ने नगर विमानन मंत्री अशोक गजपति राजू को चिट्ठी लिखकर घटना पर खेद जताया है। उन्होंने अपने ऊपर लगे प्रतिबंध को हटाने की गुजारिश की है।

इस बीच समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि एयर इंडिया शिवसेना सांसद पर लगे बैन को नहीं हटाएगी। इससे पहले गुरुवार सुबह एयरलाइन स्टाफ से मारपीट के आरोपी शिवसेना सांसद रवींद्र गायकवाड़ सदन में पहुंचे। इस दौरान उनके समर्थन में शिवसेना सांसदों ने नारेबाजी की। सांसदों ने सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया। इस मामले पर शिवसेना नेता संजय राउत का बयान आया है। 

लोकसभा में सांसद रवींद्र गायकवाड़ ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके साथ अन्याय हो रहा है। संसद में सत्य की विजय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मैंने क्या गुनाह किया, मेरा क्या अपराध है कि जांच के बिना मीडिया ट्रायल हो रही है।

उन्होंने कहा कि  एयरलाइंस के कर्मचारियों ने मेरे साथ दुर्व्यवहार किया। सीट के लिए झगड़े की बात गलत, मेरे संवैधानिक अधिकार का हनन हुआ। मुझ पर हत्या की कोशि‍श का आरोप क्यों लगाया गया। उन्होंने सदन में एयर इंडिया के सीएमडी पर कार्रवाई की मांग की। वहीं केंद्रीय उड्डयन मंत्री ने कहा कि गायकवाड़ मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई हुई है। इस पर शिवसेना सांसदों ने सदन के भीतर उड्डयन मंत्री से बदसलूकी की कोशिश की।

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह अौर स्मृति ईरानी ने बीच-बचाव किया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही स्थगित हो गई। स्पीकर के लोकसभा की कार्रवाई स्थगित करने के बाद शिवसेना सांसदों ने नागरिक उड्डयन मंत्री को घेर लिया। बाद में एसएस अहलुवालिया और गृहमंत्री ने बीच बचाव किया और उन्हें चैंबर में ले गए। इसे लेकर दो केंद्रीय मंत्री गजपति राजू और अनंत गीते आपस में भिड़ गए।

क्या है मामला 

गायकवाड़ पर 23 मार्च को एयर इंडिया के कर्मचारी को 25 बार चप्पल मारने का आरोप है। खुद उन्होंने मीडिया के सामने इसे कबूल भी किया था। माफी मांगने के सवाल पर उन्होंने कहा था कि मैं माफी नहीं मांगूगा, गलती मेरी नहीं उनकी है। माफी उन्हें मांगनी चाहिए।

पुलिस ने सौंपी रिपोर्ट
शिवसेना सांसद पर एयर इंडिया स्टाफ को चप्पल मारने का आरोप है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने लोकसभा को अवगत कराया है। पुलिस ने लोकसभा को एफआईआर से जुड़ी रिपोर्ट सौंपी है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक संसद सत्र के बाद सांसद रवींद्र गायकवाड़ को क्राइम ब्रांच जांच के लिए नोटिस भेज सकती है।