विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 01, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

परिवार के लाहौर दौरे से पहले ही हो चुकी थी सरबजीत की मौत: विर्क

By Edited By:
Published: Wed, 01 May 2013 08:21 AM (IST)Updated: Wed, 01 May 2013 03:55 PM (IST)

सरबजीत सिंह के चार परिजनों के लिए पाकिस्तानी वीजा का इंतजाम करने वाले राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष राजकुमार ...और पढ़ें

News Article Hero Image

अमृतसर। सरबजीत सिंह के चार परिजनों के लिए पाकिस्तानी वीजा का इंतजाम करने वाले राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष राजकुमार विर्क का कहना है कि सरबजीत की पहले ही मौत हो चुकी थी। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे में पाक सरकार ने सरबजीत के परिजनों को लाहौर दौरे की अनुमति देने और इलाज का नाटक क्यों किया। इस बीच सरबजीत की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। डाक्टरों के मुताबिक वेंटिलेटर के बिना वह सांस नहीं ले पा रहे हैं और उनकी लगातार खराब होती जा रही है।

डाक्टरों के मुताबिक सरबजीत क हालत लगातार ब्रेन डेड की तरफ बढ़ रही है। लेकिन उसके परिवार या सरकार की इजाजत के बिना न तो उन्हें वेंटिलेटर से हटाया जा सकता है न ही ब्रेन डेड घोषित किया जा सकता है। आयोग के उपाध्यक्ष विर्क ने बताया कि उन्होंने पीड़ित की बहन दलबीर कौर से बात की थी। दलबीर कौर ने उन्हें बताया कि डॉक्टरों के मुताबिक उनके भाई ब्रेन डेड हो चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि लाहौर की कोट लखपत जेल में कैदियों के जानलेवा हमले में बेहद गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय नागरिक सरबजीत का इलाज करने वाले जिन्ना अस्पताल के डॉक्टरों ने मंगलवार को हाथ खड़े कर दिए। उन्होंने पीड़ित की बहन दलबीर कौर से सरबजीत को वेंटिलेटर से हटाने की अनुमति मांगी है।

वहीं, दलबीर कौर ने दैनिक जागरण के साथ फोन पर हुई बातचीत में सरबजीत की हालत के बारे में पूछने पर रोते हुए कहा कि वह ठीक नहीं है। वह जिन्ना अस्पताल में चल रहे सरबजीत के इलाज पर संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने आशंका प्रकट की है कि सरबजीत को कृत्रिम सांस से जिंदा रखा जा रहा है। दलबीर ने कहा कि उन्होंने भारत सरकार से अपील की है कि सरबजीत को देखने के लिए भारतीय डाक्टरों की टीम भेजी जाए। बेशक पाकिस्तान के डाक्टरों ने सरबजीत के ब्रेन को डेड घोषित किया है, लेकिन इसके बावजूद वह उसे वेंटीलेटर से हटाने को नहीं कहेंगी। वह इंतजार कर रही हैं कि भारतीय डाक्टरों की टीम अस्पताल पहुंचे और सरबजीत की जांच करे।

इस बीच, सरबजीत के वकील अवैस शेख ने बताया कि डॉक्टरों द्वारा पीड़ित की हालत बताने के बाद दलबीर कौर ने मंगलवार को ही भारत लौटने की परिजनों की इच्छा जाहिर की थी। बाद में उन्होंने बुधवार सुबह लौटने का फैसला किया। सरबजीत की बहन के साथ ही उनकी पत्नी सुखप्रीत कौर और दोनों बेटियां बुधवार सुबह 11 बजे वाघा सीमा से होकर भारत पहुंचेंगी।

मंगलवार रात जिन्ना अस्पताल से लौटे शेख ने बताया कि डॉक्टरों ने उनकी दवाइयां भी बदलीं, लेकिन उनका कोई असर नहीं हो रहा है। शेख बुधवार को लाहौर हाई कोर्ट में सरबजीत के इलाज के लिए भारतीय डॉक्टरों को पाक दौरे की अनुमति देने के लिए याचिका दायर करेंगे। इससे पहले, अल्लामा इकबाल मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल महमूद शौकत ने सरबजीत की हालत बिगड़ने की पुष्टि की थी।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर