यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 04, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गाजीपुर में मूर्ति विसर्जन को लेकर बवाल
गंगा में दुर्गा प्रतिमाओं को विसर्जन से रोके जाने का मामला शुक्रवार की रात यहां बवाल का सबब बन गया। विकल्प के तौर पर प्रशासन द्वारा खोदे गए गढ्डे में पानी पर्याप्त न होने पर पूजा कमेटी के सदस्य भड़क गए। जुलूस में मौजूद पुलिसकर्मियों से कहासुनी के बाद स्थिति भयावह हो गई। मोहल्लेवासियों और जुलूस में शामिल लोगों द्वारा पथराव किय

गाजीपुर। गंगा में दुर्गा प्रतिमाओं को विसर्जन से रोके जाने का मामला शुक्रवार की रात यहां बवाल का सबब बन गया। विकल्प के तौर पर प्रशासन द्वारा खोदे गए गढ्डे में पानी पर्याप्त न होने पर पूजा कमेटी के सदस्य भड़क गए। जुलूस में मौजूद पुलिसकर्मियों से कहासुनी के बाद स्थिति भयावह हो गई। मोहल्लेवासियों और जुलूस में शामिल लोगों द्वारा पथराव किया जाने लगा तो पुलिस ने भी पत्थर चलाते हुए लाठीचार्ज कर दिया।
रात साढ़े आठ बजे से शुरू हुआ उपद्रव करीब चार घंटे तक चला। इस दौरान कमेटी के सदस्यों के अलावा उधर से गुजर रहे मोहल्ले के लोगों को भी दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के तीन गोले भी दागे।
जिलाधिकारी चंद्रपाल सिंह व पुलिस अधीक्षक डा.उमेश चंद्र श्रीवास्तव रात 11 बजे मौके पर पहुंचे। चीतनाथ से लगायत नवाबगंज तक चक्रमण कर न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए लोगों को समझाया बुझाया। इसके बाद कुछ दुर्गा प्रतिमाएं रात में ही स्टीमर घाट पर गंगा किनारे खोदे गए गढ्डे में विसर्जित की गईं। पूजा कमेटी के वरिष्ठ सदस्यों के आगे आने से शनिवार की सुबह स्थिति सामान्य हुई और गढ्डों में ही प्रतिमाएं विसर्जित की गईं। इस दौरान वहां पर एडीएम मुरलीधर मिश्र, एएसपी सिटी हफीजुर रहमान, एएएसपी ग्रामीण त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी, कई थानों की फोर्स व पीएससी भी तैनात थी।
गाजीपुर के एसएसपी डा. उमेशचंद्र श्रीवास्तव ने कहा है कि पुलिसकर्मी उच्च न्यायालय के आदेश का अनुपालन करा रहे थे। मातहतों के अलावा हम व डीएम भी पूजा कमेटी के लोगों को विकल्प व आदेश से अवगत करा चुके थे। इसके बाद भी कुछ लोगों ने हाइकोर्ट के आदेश का उल्लंघन कर पुलिस पर पथराव किया। विसर्जन के बाद पत्थर लगने से घायल पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराकर उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।