यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 09, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लहरों के भंवर में सियासत के मांझी
गाजीपुर में गंगा नदी की लहरों की आवाज तो आती है, लेकिन ढलते हुए सूरज की रोशनी में अब गंगा चमकती नहीं। गंदले पानी की यह महान धारा काशी से 'सियासी तेज' लेकर गाजीपुर को स्पर्श करती बलिया की ओर बह रही है। कभी राही मासूम रजा ने गंगा से अपना रिश्ता जोड़ा था और अब वाराणसी से चुनाव लड़ रहे भाजपा के प

गाजीपुर [आनंद राय]। गाजीपुर में गंगा नदी की लहरों की आवाज तो आती है, लेकिन ढलते हुए सूरज की रोशनी में अब गंगा चमकती नहीं। गंदले पानी की यह महान धारा काशी से 'सियासी तेज' लेकर गाजीपुर को स्पर्श करती बलिया की ओर बह रही है। कभी राही मासूम रजा ने गंगा से अपना रिश्ता जोड़ा था और अब वाराणसी से चुनाव लड़ रहे भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी गंगा मइया की दुहाई देकर लहर पर चल रहे हैं।
गाजीपुर में गंगा के किनारे आम घाट, ददरी घाट, स्टीमर घाट और कोयला घाट जैसे कई मोहल्ले हैं। इनमें गंगा के साथ मोदी के भावनात्मक रिश्तों की खूब चर्चा है। यहीं स्टीमर घाट में रहने वाले जयप्रकाश पाण्डेय शिक्षक हैं। वोट किसे देंगे, चुनाव कौन जीतेगा, इन सवालों से वह बचते हैं। जोर देने पर यह जरूर स्वीकार करते हैं कि एक माह पहले तक पीछे रहने वाली भाजपा अब जोर पकड़ रही है। मिलीजुली आबादी में वोट तो सबको बंट रहा है, लेकिन मुख्य बंटवारा भाजपा, सपा व बसपा के ही बीच है। यहां कुल 18 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं।
खेल बिगाड़ने का खेल
इस जिले में सियासी दलों ने दूसरों का खेल बिगाड़ने का खेल खूब किया है। सपा ने सांसद राधेमोहन सिंह का टिकट काटकर एनआरएचएम घोटाले के आरोपी पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा की पत्नी शिवकन्या को टिकट दिया तो उम्मीद यह बनी कि एमवाई फार्मूले में कुशवाहा और अन्य पिछड़ी उपजातियां जुड़कर फिर सपा का परचम लहरा देंगी। बसपा ने पूर्व मंत्री कैलाश नाथ यादव को मैदान में उतारकर सपा की बुनियाद में सेंध लगा दी। इधर, बाहुबली डीपी यादव गाजीपुर के दबंग अंसारी बंधुओं के बूते एकता मंच के बैनर पर यहां से ताल ठोंक रहे हैं। भले उनके वोटरों का विस्तार सीमित हो, लेकिन यादव और मुस्लिम दोनों मतों में सेंध लगा रहे हैं। भाजपा ने पूर्व सांसद मनोज सिन्हा और कांग्रेस ने मकसूद खान को मैदान में उतारा है। पांच बार चुनाव लड़कर मनोज सिन्हा दो बार संसद पहुंच चुके हैं। भाजपा से टिकट न मिलने पर अरुण सिंह निर्दल तकदीर आजमा रहे हैं। ददरीघाट के कृष्णकांत उपाध्याय कहते हैं कि यहां लड़ाई त्रिकोणीय है और अब भाजपा भी शानदार ढंग से चुनाव लड़ रही है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लेकर मंत्री ओमप्रकाश सिंह तक इस सीट को प्रतिष्ठा का विषय बनाए हैं।
सच तो यह है कि वाराणसी से चुनाव लड़ रहे मोदी पर ही यहां सारी उम्मीदें टिकी हैं। नरेन्द्र नाथ सिंह स्वीकार करते हैं कि समीकरण के हिसाब से यह सीट मनोज सिन्हा के लिए उपयुक्त नहीं थी, लेकिन अब मोदी की लहर और उनकी स्वच्छ छवि के बीच बाकी सभी के समीकरण ध्वस्त हो गए हैं। समाजवादी पार्टी के महासचिव प्रेम सिंह इसको खारिज करते हैं। वह कहते हैं कि भाजपा का सारा ड्रामा सड़क पर है। बूथ पर तो असलियत मतगणना के बाद पता चलेगी।
प्रेम सिंह दावा करते हैं कि गाजीपुर के लोग अपना झंडा नहीं बदलेंगे। कांग्रेस उम्मीदवार मकसूद खान के लिए सिने तारिका अमीषा पटेल और केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला ने भी मतदाताओं को लुभाने की कोशिश की।
बाहरी प्रत्याशियों का जमघट
गाजीपुर में बाहरी प्रत्याशियों का जमघट है। बसपा उम्मीदवार कैलाश नाथ यादव चंदौली के रहने वाले हैं, जबकि सपा उम्मीदवार शिवकन्या कुशवाहा बांदा की हैं। राष्ट्रीय परिवर्तन दल के डीपी यादव भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हैं। इसी कारण कई लोग बाहरी उम्मीदवारों का नारा देकर स्थानीयता का भी मुद्दा उछाल रहे हैं। लेकिन ये उम्मीदवार भी अपनी स्थानीयता के लिए तर्क और दलील ढूंढ़ चुके हैं।
सभी विधायकों का इम्तिहान
गाजीपुर लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभा सपा के कब्जे में है। यहां जखनियां व सैदपुर सुरक्षित है, जबकि गाजीपुर, जंगीपुर व जमनियां सामान्य। जमनियां के ओमप्रकाश सिंह, गाजीपुर के विधायक विजय मिश्र और जंगीपुर के कैलाश यादव अखिलेश सरकार में मंत्री हैं। शिवकन्या की जीत इन सबके लिए चुनौती है। जंगीपुर विधानसभा के गोविन्दपुर कीरत निवासी सुभाष चंद राव बसपा के पक्ष में पूरी तरह समर्पित हैं, जबकि उनके ही गांव के रामजी सिंह भगवा गमछा लटकाए भाजपा की जीत पक्की करने के लिए दौड़ लगा रहे हैं। विरनो में रामनरेश यादव की दुकान पर अनुसूचित जाति के सोनू कुमार मिलते हैं जो दो टूक कहते हैं कि सपा ही जीतेगी। अनुसूचित जाति का वोटर सपा के साथ? इस सवाल पर वह फक्र के साथ कहते हैं जहां समर्पण हैं वहां जातीय दीवारें गिर जाती हैं। पर वहीं भड़सर के कुम्हार जाति के चंदर बसपा के पक्ष में अपनी दलील रखते हैं।
जखनिया क्षेत्र के बहरियाबाद, रायपुर और जखनियां की बाजारों में बड़े दल अपना-अपना प्रभाव जमाने में लगे हैं। फौलादपुर निवासी माणिकराज सिंह पप्पू कहते हैं कि चुनाव है तो वोट तो सभी मांगेंगे, लेकिन इस बार युवा वर्ग अपना वोट बेकार नहीं होने देगा। मोदी ने रोजगार की उम्मीद जगाई है। हरिकेश प्रताप कहते हैं कि शोर जितना मचे, लेकिन फैसले का बटन मुसलमान वोटरों का ही होगा। शिक्षक अब्दुल मजीद दुख जाहिर करते हैं और कहते हैं कि अब मुसलमान को इंसान की तरह नहीं देखा जा रहा है। सैदपुर विधानसभा क्षेत्र के मीरजापुर निवासी भगवान सिंह राष्ट्रीय हित, राष्ट्रीय अस्मिता और मोदी को पीएम बनाने के लिए भाजपा के साथ खड़े हैं लेकिन लौरिक यादव कहते हैं कि इस बार गाजीपुर से बसपा की जीत सुनिश्चित है।