Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अंग्रेजों से भी ज्यादा कांग्रेस ने देश को लूटा: बाबा रामदेव

    By Edited By:
    Updated: Wed, 17 Jul 2013 06:58 PM (IST)

    लखनऊ [जागरण संवाददाता]। अंग्रेजों से ज्यादा देश को कांग्रेस ने लूटा है। कांग्रेस जाति और धर्म की राजनीति कर रही है। जनहित और आपदा से उसका कोई लेना-देन ...और पढ़ें

    Hero Image

    लखनऊ [जागरण संवाददाता]। अंग्रेजों से ज्यादा देश को कांग्रेस ने लूटा है। कांग्रेस जाति और धर्म की राजनीति कर रही है। जनहित और आपदा से उसका कोई लेना-देना नहीं है। यह बातें स्वामी रामदेव नें कहीं। वह बुधवार को राजधानी के आलमबाग स्थित शिव शांति संत आसूदाराम आश्रम में भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति की ओर से आयोजित युवा भारत कार्यकर्ता सम्मेलन से पहले पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बाबा रामदेव ने कहा कि बिहार में मिड-डे मील खाने से 14 बच्चों की मौत हो गई है। यह घटना बिहार सरकार की व्यवस्थाओं पर प्रश्नचिह्न लगाती है। मसले पर प्रदेश सरकार मौन है। यह घटना यदि बिहार के सीएम के बच्चे के साथ होती तो क्या वह चुप रहते? उन्होंने कहा कि ऐसी दिल दहला देने वाली घटनाएं देशभर में हो रही हैं। उत्तराखंड में 10 हजार से अधिक लोग आपदा के शिकार हुए। कांग्रेस सरकार शवों का दाह संस्कार तक नहीं करा पाई। ऐसी सरकार और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए, ताकि उन्हें फांसी की सजा मिल सके। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री सड़क तक नहीं बनवा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मुझे दो माह का समय मिले तो केदारनाथ धाम तक सड़क बनवा दूं।

    स्वामी रामदेव ने कहा कि देश की जनता भ्रष्टाचार, मंहगाई से तंग आ चुकी है। इसका खामियाजा कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में भुगतना होगा। जैसे रायबरेली से इंदिरा गांधी हारी थीं, वैसा ही हश्र सोनिया गांधी का होगा। कांग्रेस को 10 सीटें भी नहीं मिलेंगी। कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी पर भी स्वामी रामदेव ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह केवल बातें करते हैं। कांग्रेस तानाशाही के बूते चल रही है। लूट और फरेब इसका पेशा बन गया है, उसकी नीयत साफ नहीं है। स्वामी रामदेव ने कहा कि चार जून को केंद्र सरकार के पाप व अत्याचार से लेकर लाखों रुपये के घोटाले को देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएंगे।

    कांग्रेस ने महंगाई रोकने पर कोई फैसला नहीं किया। 2014 लोक सभा चुनाव में काला धन और भ्रष्टाचार केंद्रीय मुद्दा होगा। करीब 1000 लाख करोड़ रुपये काले धन के रूप में जमा है। हर साल 10 लाख करोड़ रुपया बेईमान लोग लूट रहे हैं। इस धन पर सवा सौ करोड़ भारतवासियों का हक है।

    उन्होंने कहा कि आदर्श राजनीतिक व्यवस्था कायम करने की जरूरत है। सत्ता और व्यवस्था में परिवर्तन ही पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान की अगली रणनीति है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र व जन विरोधी नीतियों वालों को सत्ता से बेदखल किया जाएगा। इसके लिए भारत स्वाभिमान ट्रस्ट जुलाई से देशभर में संगठन के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर रहा है। इसमें गांव व बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत किया जा रहा है। सितंबर में सत्ता व्यवस्था परिवर्तन के लिए योग दीक्षा व राष्ट्र निर्माण यात्रा प्रारंभ की जाएगी।

    यह है देश की व्यवस्था

    स्वामी रामदेव ने कहा कि चीन में भ्रष्टाचार में लिप्त रेल मंत्री को मौत की सजा दी गई। वहीं भारत में सीबीआइ आरोपित रेलमंत्री पवन बंसल को क्लीन चिट दे देती है। जबकि उनका भतीजा भी भ्रष्टाचार में लिप्त मिला था। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर भ्रष्टाचारी को सीबीआइ कैसे क्लीन चिट दे सकती है?

    मोदी की तारीफ

    बाबा रामदेव ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी संवेदनशील हैं। कांग्रेस से मुकाबला करने की क्षमता केवल मोदी में ही है। वह इस परिवर्तन के एक मात्र विकल्प बनकर उभरे हैं। देश की जनता का मोदी पर भरोसा है। देश के तमाम बड़े मुद्दे एवं प्रश्नों के हल का संकल्प उनमें दिखाई देता है।

    स्वामी रामदेव ने कहा कि मोदी नहीं बल्कि कांग्रेस मुसलमानों को पिल्ला समझती है। वोटो की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि मोदी विकास, साहस, सुशासन व निराशा के वातावरण में आशा के प्रतीक बनकर उभरे हैं।

    किसानों को मिले वाजिब लाभ

    बाबा ने कहा कि फूड सिक्योरिटी बिल से गरीब और किसानों को कोई फायदा नहीं होगा। इस बिल में किसानों की समस्या संबंधी कोई सुझाव नहीं है। बिचौलियों पर कैसे लगाम लगेगी? इसकी रोकथाम की व्यवस्था भी बिल में नहीं की गई है। कृषि उत्पादों का वाजिब मूल्य किसानों को मिलेगा या नहीं। इस संबंध में सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की मांग तर्क संगत है।

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर