यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 28, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पाक गोलीबारी से सहमे ग्रामीण धरने पर बैठे
सीमा पार से लगातार हो रही भारी गोलीबारी और ग्रामीण ठिकानों पर गिर रहे गोलों से सीमांत गांव के लोग ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मेंढर। सीमा पार से लगातार हो रही भारी गोलीबारी और ग्रामीण ठिकानों पर गिर रहे गोलों से सीमांत गांव के लोग पलायन कर रहे हैं। मंगलवार को पुंछ के सीमावर्ती ढेरी गांव के करीब 200 लोग परिवार सहित मेंढर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इनका कहना है कि पाक सेना लगातार गोले बरसा रही है। हमारे मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। हम अपने घरों में नहीं जाना चाहते, हमें सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए। मौके पर पहुंचे जिला आयुक्त सज्जाद अहमद खान ने लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए समझा-बुझाकर उनके घर भेजा।
पढ़ें: सीमा पर हालात बिगड़े, पाकिस्तान ने तैनात किया तोपखाना
सुबह ढेरी गांव से परिवार समेत मेंढर पहुंचे लोगों ने कहा कि पाक गोलीबारी से अभी तक हमारे गांव के मकान ही क्षतिग्रस्त हुए हैं। कभी भी किसी की जान जा सकती है। हम लोग कई दिनों से सो नहीं पा रहे हैं। कभी भी गोला हमारे घर पर आकर गिरता है। हम वापस अपने घर नहीं जाएंगे।
पढ़ें: संघर्ष विराम उल्लंघन की हालिया घटनाएं
मौके पर पहुंचे जिला आयुक्त सज्जाद अहमद खान ने लोगों को आश्वासन दिया कि सेना से बात की जा रही है। अगर दो दिनों तक हालात बेहतर नहीं हुए तो हम आप लोगों को वहां से मेंढर की सरकारी इमारतों में रखेंगे। आश्वासन के बाद लोग वापस अपने घरों को रवाना हो गए।
नहीं रुक रही सीमा पर गोलाबारी
राजौरी। पाकिस्तानी सेना पिछले 22 दिनों से लगातार गोलीबारी कर रही है। मंगलवार शाम पांच बजे पाक ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। सोमवार रात को भी पाकिस्तान ने तरकुंडी, बालाकोट, हमीरपुर, बीजी, बलनोई, मनकोट, साब्जियां सेक्टरों की अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की और रिहायशी क्षेत्रों में मोर्टार व राकेट दागे।
यह सिलसिला रात 12 बजे तक चला। मंगलवार सुबह शांति रही। शाम पांच बजे अचानक बालाकोट, मंकोट व हमीरपुर सेक्टर में पाक सेना ने मोर्टार व रॉकेट दागने के साथ भारी गोलीबारी शुरू कर दी। कुछ राकेट व मोर्टार के गोले सीमांत क्षेत्रों में भी गिरे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर