Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    मसर्रत की रिहाई पर जम्मू में आक्रोश

    By Murari sharanEdited By:
    Updated: Sun, 08 Mar 2015 09:49 PM (IST)

    कश्मीर में देश विरोधी मुहिम चलाने वाले कट्टरपंथी मसर्रत आलम की रिहाई पर मुफ्ती सरकार के खिलाफ जम्मू में आक्रोश भड़क उठा है। रविवार को जम्मू में प्रदेश यूथ कांग्रेस व पैंथर्स पार्टी कार्यकर्ताओं ने मसर्रत की रिहाई का विरोध करते हुए प्रदर्शन किए। पैंथर्स पार्टी ने इस मुद्दे पर

    जागरण ब्यूरो, जम्मू। कश्मीर में देश विरोधी मुहिम चलाने वाले कट्टरपंथी मसर्रत आलम की रिहाई पर मुफ्ती सरकार के खिलाफ जम्मू में आक्रोश भड़क उठा है। रविवार को जम्मू में प्रदेश यूथ कांग्रेस व पैंथर्स पार्टी कार्यकर्ताओं ने मसर्रत की रिहाई का विरोध करते हुए प्रदर्शन किए। पैंथर्स पार्टी ने इस मुद्दे पर सोमवार को जम्मू बंद का आह्वान किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कांग्रेस व पैंथर्स पार्टी ने मसर्रत की रिहाई पर प्रेस क्लब व डोगरा चौक में प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। युवा कांग्रेस ने पे्रस क्लब के बाहर प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा लोगों को गुमराह कर रही है। प्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रधान ने कहा कि भाजपा सरकार में शामिल है किंतु मुफ्ती सरकार के फैसलों पर चुप बैठी है।

    उन्होंने कहा कि मुफ्ती मुहम्मद सईद के नेतृत्व में गठबंधन सरकार ने एक ऐसे कट्टरपंथी को रिहा कर दिया है जो देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मसर्रत आलम राजनीतिक कैदी नहीं है बल्कि आतंकवादी है। अगर इस तरह के राष्ट्रविरोधी और पाकिस्तान का समर्थन करने वालों को रिहा किया गया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। पीएमओ में राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह जम्मू से संबंधित है इसलिए इन्हें अपना स्टैंड स्पष्ट करना चाहिए। प्रदर्शनकारियों में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल थे।

    वहीं, पैंथर्स पार्टी के कार्यकर्ताओं ने डोगरा चौक में प्रदर्शन करते हुए दो दिन जम्मू बंद का आह्वान भी किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार को बर्खास्त करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल को मुफ्ती सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए।

    पढ़ें: रिहाई कानून के तहत, मुफ्ती की कोई भूमिका नहीं: मसर्रत