यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 14, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुलायम बोले- मुजफ्फरनगर में दंगा हुआ ही नहीं था
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रहे सांप्रदायिक दंगों को लेकर चौतरफा हमले झेल रही यूपी की समाजवादी सरकार के मुखिया ...और पढ़ें

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रहे सांप्रदायिक दंगों को लेकर चौतरफा हमले झेल रही यूपी की समाजवादी सरकार के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने अपनी सरकार का बचाव करते हुए कहा है कि प्रदेश के अपराध के आंकड़े सही नहीं हैं। इन्हें बढ़ा चढ़ा कर पेश किया जा रहा है। मुलायम सिंह ने कहा कि मुजफ्फरनगर में कोई दंगा नहीं हुआ था। वहां दो लड़कों के बीच किसी बात को लेकर लड़ाई हुई थी।
मुलायम सिंह ने कहा कि प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार अच्छा काम कर रही है। प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने किसानों और अल्पसंख्यकों खास कर मुसलमानों के विकास में भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि देश में जितना विकास हुआ है उसमें 80 फीसद में किसानों और मुसलमानों का योगदान है।
यूपी में कानून व्यवस्था के हालत पर अपनी सरकार का बचाव करते हुए मुलायम सिंह ने कहा कि कई राज्यों के हालत यूपी से बदतर हैं लेकिन उत्तर प्रदेश को लेकर सबसे अधिक हो हल्ला मचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी में अपराध के आंकड़े सही नहीं है। इन्हें बढ़ा चढ़ा कर पेश किया जा रहा है।
