यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 23, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुथालिक को गोवा में अमन चैन बिगाड़ने नहीं देंगे : पार्रिकर
गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर ने बुधवार को आश्वस्त किया कि श्रीराम सेना के प्रमुख प्रमोद मुथालिक और मानवाधिकार कार्यकर्ता ...और पढ़ें

पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर ने बुधवार को आश्वस्त किया कि श्रीराम सेना के प्रमुख प्रमोद मुथालिक और मानवाधिकार कार्यकर्ता सेड्रिक प्रकाश को राज्य में शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
गोवा विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान पार्रिकर ने कहा, 'मैं गोवा के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि किसी भी व्यक्ति को चाहे वह मुथालिक हो या सेड्रिक, राज्य में शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। हम उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। यह मेरी सशर्त चेतावनी है। अगर वह शांति बिगाड़ने की कोशिश करेंगे तो उन पर कार्रवाई होगी।' इसके पहले मुथालिक ने श्रीराम सेना की एक शाखा राज्य में खोलने का इरादा जाहिर किया था। यह संगठन 2009 में मंगलौर पब पर हमला करने के लिए कुख्यात है। जबकि अहमदाबाद स्थित जेसुइट सेंटर फॉर ह्यूमन राइट्स, जस्टिस एंड पीस के निदेशक प्रकाश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बोलने के लिए जाना जाता है। पार्रिकर ने मीडिया और कुछ राजनेताओं पर मुथालिक को अनावश्यक तूल देने का आरोप लगाया है।
बार और पब के बाहर लगेंगे एल्कोमीटर
बार और पब से नशे में निकलना और ड्राइविंग करना जल्द ही गोवा में महंगा पड़ सकता है क्योंकि मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर ने प्रमुख शराब ठिकानों के बाहर एल्कोमीटर लगाने का वादा किया है। दरअसल राज्य विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान बुधवार को सत्ताधारी भाजपा के विधायक माइकल लोबो ने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में सवाल पूछा था। इसके जवाब में पार्रिकर ने यह बात कही।
