विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 07, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दुर्गा शक्ति के निलंबन पर घिरी सपा

By Edited By:
Published: Wed, 07 Aug 2013 06:30 AM (IST)Updated: Wed, 07 Aug 2013 06:31 AM (IST)

उत्तर प्रदेश की आइएएस अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के निलंबन में बसपा प्रमुख मायावती और पूर्व सपा नेता व राज्यसभा ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। उत्तार प्रदेश की आइएएस अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के निलंबन में बसपा प्रमुख मायावती और पूर्व सपा नेता व राज्यसभा सदस्य अमर सिंह को अखिलेश सरकार की नीयत का खोट नजर आ रहा है। माया ने सपा सरकार को दुर्गा की बहाली को प्रतिष्ठा का मुद्दा न बनाने की नसीहत दी है। अमर सिंह ने निलंबन के बहाने पर ही सवाल उठा दिया है, जबकि सूचना व प्रसारण राज्यमंत्री मनीष तिवारी ने कहा कि अनियमितताओं को रोकने वाले अफसरों को सम्मान मिलना चाहिए, न कि निलंबन।

पढ़ें: यूपी सरकार पर टिप्पणी करने पर साहित्यकार गिरफ्तार

मायावती ने कहा, 'निलंबित अफसर के बारे में सरकार जिस एलआइयू रिपोर्ट की बात कर रही थी, वह भी दुर्गा शक्ति के ही पक्ष में है। सुन्नी वक्फ बोर्ड भी उसके पक्ष में है। लिहाजा, उत्तार प्रदेश सरकार को इसे प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाकर महिला अधिकारी को परेशान नहीं करना चाहिए। इस मामले में केंद्र को दखल देना चाहिए।' अमर सिंह ने कहा, 'दुर्गाशक्ति के निलंबन के लिए सरकार अजीब तर्को का सहारा ले रही है। प्रदेश के मंत्री आजम खां कह रहे हैं कि निलंबन न होता तो प्रदेश का सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ जाता।'

दुर्गा शक्ति से संबंधित अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें

सिंह ने जोड़ा कि मामले में एलआइयू की रिपोर्ट भी लीक हो गई। शासन को भेजी डीएम की रिपोर्ट में दुर्गा ने कोई गैरकानूनी काम नहीं किया। फिर भी सरकार निलंबन वापस नहीं ले रही है। केंद्र के दखल पर सपा द्वारा सभी आइएएस अफसरों को लौटा देने की चेतावनी देने पर सिंह ने कहा, 'अफसर तो वापस कर देंगे। क्या केंद्र से मिला 69 हजार करोड़ रुपये का सालाना बजट भी लौटा देंगे।'

पढ़ें: दुर्गा मामले पर बिफरे स्वास्थ्य मंत्री

सपा विरोधी नेता कुछ भी कहें, लेकिन दुर्गा की बहाली की लड़ाई अब धीमी पड़ने लगी है। मामले में एक दिन केंद्र को प्रत्यावेदन देने के बाद से ऑल इंडिया आइएएस एसोसिएशन ने कोई हरकत नहीं की। इस बीच राजनीतिक मजबूरियों के चलते कांग्रेस और दूसरे दल भी कुछ ज्यादा ही संयम बरतते दिख रहे हैं। संकेत साफ हैं कि अब दुर्गा को अपनी लड़ाई खुद ही लड़नी पड़ेगी।

किसने, क्या कहा

'बरेली, प्रतापगढ़ और अब लखनऊ समेत जिस प्रदेश में दर्जन भर दंगे होने से भी सांप्रदायिक सौहार्द नहीं बिगड़ रहा, तो क्या वहां दुर्गा शक्ति की कार्रवाई से माहौल बिगड़ जाता।'

-अमर सिंह, राज्यसभा सदस्य

'अनियमितताओं से निपटने वाले अफसरों का निलंबन नहीं होना चाहिए। पंजाब में भी दुर्गा शक्ति जैसे कुछ अधिकारी होने चाहिए, जो वहां चल रहे अवैध खनन को रोक सकें।'

-मनीष तिवारी, सूचना व प्रसारण राज्यमंत्री

'उत्तार प्रदेश सरकार को दुर्गा शक्ति नागपाल को तुरंत बहाल करना चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया जाता तो साफ है कि राज्य में ईमानदार अफसरों को सजा ही मिलती रहेगी।'

-मायावती, बसपा अध्यक्ष

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर