यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 02, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हमले का मास्टरमाइंड है मसूद अजहर, 17 साल पहले छोड़ा गया था
पठानकोट एयरबेस पर हुए हमले का मास्टरमाइंड मौलाना मसूद अजहर को माना जा रहा है। एजेंसियों को शक है कि ...और पढ़ें

नई दिल्ली। पठानकोट एयरबेस पर हुए हमले का मास्टरमाइंड मौलाना मसूद अजहर को माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि हमला करने वाले आतंकियों ने पाकिस्तान के बहावलपुर में सैटेलाइट फोन से कोडवर्ड में बातचीत की थी।
बताया जा रहा है कि चार बार पाकिस्तान में फोन किया गया। खुफिया सूत्रों का कहना है कि बहावलपुर में रहकर मसूद अजहर जैश के आतंकियों को ट्रेनिंग देता है। एजेंसियों को शक है कि एयरबेस पर हमले से पहले आतंकियों ने मसूद अजहर से ही बातचीत की थी।
गौरतलब है कि अजहर को 1999 में अफगानिस्तान के कंधार ले जाकर रिहा किया गया था। उसकी रिहाई के लिए 24 दिसंबर 1999 को 5 हथियारबंद आतंकवादियों ने नेपाल से इंडियन एयरलाइंस के प्लेन को हाईजैक किया था और उसे अफगानिस्तान ले गए थे।
विमान में उस वक्त 178 यात्री सवार थे, जिसे अमृतसर, लाहौर और दुबई के रास्ते अफगानिस्तान के कंधार एयरपोर्ट ले जाया गया था।
आतंकियों ने भारत सरकार के सामने 178 यात्रियों की जान के बदले में तीन आतंकियों मौलाना मसूद अजहर, मुश्ताक अहमद जरगर और अहमद उमर सईद शेख की रिहाई का सौदा किया। इसके बाद अजहर ने साल 2000 में जैश-ए-मोहम्मद का गठन किया।
