विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 18, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पुलिस ने पति का किया फर्जी एनकाउंटर : प्रियंका

By Gunateet OjhaEdited By:
Published: Mon, 18 May 2015 03:01 AM (IST)Updated: Mon, 18 May 2015 04:02 AM (IST)

स्पेशल सेल ने धोखाधड़ी के मामलों में वांछित मनोज वशिष्ठ को मार गिराया था। मनोज की पत्नी प्रियंका का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने साजिश के तहत उसके पति को मारा है।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजेंद्र नगर में शनिवार रात स्पेशल सेल द्वारा किए गए एनकाउंटर पर मृतक के परिजनों ने सवाल उठाए हैं। स्पेशल सेल ने धोखाधड़ी के मामलों में वांछित मनोज वशिष्ठ को मार गिराया था। मनोज की पत्नी प्रियंका का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने साजिश के तहत उसके पति को मारा है।

मनोज के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। पुलिस पहले भी उन्हें तंग करती रही है। पुलिस पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों के काम में दखल देकर रिपोर्ट बदलवाने का भी प्रयास कर रही है। रविवार को परिजन केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मिलने उनके आवास भी गए पर उन्हें मिलने का समय नहीं दिया गया।

उधर, दिल्ली पुलिस ने आरोपों को खारिज कर दिया है। स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अदालत में अपना पक्ष रखने के लिए उनके पास कई महत्वपूर्ण सुराग हैं। पुलिस के मुताबिक, सागर रत्ना रेस्तरां में तीन सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। प्रसाद नगर थाना पुलिस ने बतौर सुबूत सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर लिया है। इसके अलावा रेस्तरां में घटना के वक्त मौजूद लोगों में से 12 चश्मदीदों के बयान भी प्रसाद नगर थाना पुलिस ने दर्ज किए हैं।

रियल एस्टेट में निवेश के नाम पर ठगी

पुलिस ने दावा किया है कि मनोज और उसके परिवार ने आरसीएस ग्रुप नाम से रियल एस्टेट कंपनी खोलकर कई लोगों के साथ ठगी की है। निवेश के नाम पर लोगों से रुपये लेने के बाद यह लोग उस जगह से चंपत हो जाते थे। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब व महाराष्ट्र में मनोज के खिलाफ धोखाधड़ी के 12 से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। लोगों से बचने के लिए वह हर समय बाउंसर से घिरा रहता था।

आरोप है कि रुपये वापस मांगने का दबाव डालने पर वह लोगों को जान से मारने की धमकी देता था। पुलिस के मुताबिक, सात लाख रुपये की ठगी का शिकार हुई उत्तम नगर की एक महिला ने उसके खौफ के चलते पुलिस में अपनी शिकायत भी दर्ज नहीं कराई।

हरियाणा के जींद शहर में रहने वाले करनजीत ने सिटी जींद थाने में उसके खिलाफ 35 लाख रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है। चंडीगढ़ में भी रियल एस्टेट में निवेश के नाम पर उसने 12 लोगों से ढाई करोड़ रुपये की ठगी की थी। महाराष्ट्र के नांदेड़ में भी उसके खिलाफ ठगी के मामले सामने आए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।