यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 01, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ममता का नए साल से ट्विटर पर आगाज
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने नए साल व पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर भी दस्तक दी। अपने पहले संदेश में उन्होंने लिखा, 'नए साल पर मेरे लिए ट्विटर पर नई शुरुआत।' इसके अलावा अपने फेसबुक पेज पर भी

कोलकाता [जागरण संवाददाता] । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने नए साल व पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर भी दस्तक दी। अपने पहले संदेश में उन्होंने लिखा, 'नए साल पर मेरे लिए ट्विटर पर नई शुरुआत।' इसके अलावा अपने फेसबुक पेज पर भी उन्होंने नए साल की शुभकामनाएं दी। ट्विटर पर आने के एक घंटे के भीतर ही ममता बनर्जी के एक हजार फॉलोवर भी बन गए।
मुख्यमंत्री ने फेसबुक पर लिखा, 'आज अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस का स्थापना दिवस है। हम 16 सालों से आगे बढ़ रहे हैं। मैं मां, माटी, मानुष को बधाई व सभी शुभेच्छुओं को उनकी शुभकामनाओं, आशीर्वाद, समर्थन और उत्साह के लिए धन्यवाद देती हूं। हम लोगों के विकास के लिए काम करने को तत्पर हैं और आपके सहयोग की कामना करते हैं।'
तृणमूल के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पार्टी के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जनता से जुड़ने के लिए सभी माध्यम अपनाती हैं। फेसबुक पर लोगों से सीधे जुड़ाव के बाद उन्होंने ट्विटर को संदेश पहुंचाने का नया जरिया बनाया है।