विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 01, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आडवाणी ने अटल के बराबर खड़ा किया शिवराज को

By Edited By:
Published: Sat, 01 Jun 2013 06:47 PM (GMT+05:30)Updated: Sat, 01 Jun 2013 08:52 PM (GMT+05:30)

ग्वालियर [जागरण न्यूज नेटवर्क]। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अटल ...और पढ़ें

News Article Hero Image

ग्वालियर [जागरण न्यूज नेटवर्क]। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अटल बिहारी वाजपेयी की तरह विनम्र बताया है। आडवाणी ने शनिवार को ग्वालियर में पार्टी के एक कार्यक्रम में कहा कि भाजपा चाहती है कि नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह चौहान दोनों ही वैश्विक स्तर पर भारत की महत्वपूर्ण जगह सुरक्षित बनाने में मुख्य भूमिका अदा करें। बकौल आडवाणी, मोदी ने एक स्वस्थ्य राज्य को उत्कृष्ट बनाया तो शिवराज ने एक बीमारू राज्य को विकसित किया।

शनिवार को आडवाणी मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी खाद्य सुरक्षा योजना का उद्घाटन करने आए थे, जिसके तहत गरीब परिवारों को गेहूं और आयोडीन नमक एक रुपये किलो और चावल दो रुपये किलो दिया जाएगा। इस दौरान आडवाणी ने कहा कि 'वाजपेयी जी ने सड़क जाल बिछाने से लेकर तमाम विकास योजनाओं को लागू किया, लेकिन वे हमेशा अहंकार से परे, विनम्र बने रहे। उसी तरह शिवराज ने भी कई कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया। बावजूद इसके, मैं देख रहा हूं कि शिवराज वाजपेयी जी की तरह ही विनम्र हैं।'

आडवाणी ने रमन सिंह सरकार की भी तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा शासित मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सरकारों ने न सिर्फ भारत, बल्कि देश के बाहर भी विकास का नया प्रतिमान पेश किया है।

समापन सत्र को संबोधित करते हुए आडवाणी ने कहा कि नरेंद्र मोदी कहते हैं कि गुजरात से आगे कोई नहीं जा सकता। मैं कहता हूं कि गुजरात पहले भी स्वस्थ था और अब उत्कृष्ट है। पर बीमारू मध्य प्रदेश को स्वस्थ बनाना शिवराज की बड़ी उपलब्धि है।

गौरतलब है कि मार्च में जयपुर में संपन्न राष्ट्रीय स्वयं सेवक की प्रतिनिधि सभा में भी शिवराज को भविष्य का अटल बिहारी वाजपेयी बताया गया था। प्रतिनिधि सभा में संघ की ओर से भाजपा नेताओं से कहा गया था कि मोदी को एकमात्र विकास पुरुष का दर्जा नहीं दिया जा सकता, न ही शिवराज को कम करके आंका जा सकता है। हाल ही में नरेंद्र मोदी की प्रधानमंत्री पद की दावेदारी के शोर-शराबे के बीच शिवराज सिंह चौहान भी आडवाणी को भाजपा में सबसे वरिष्ठ और पार्टी के मार्गदर्शक बता चुके हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर