कमल हासन-बालन, पेस-युवराज को पद्म सम्मान
पद्म पुरस्कारों में इस दफा भी चिकित्सा क्षेत्र और कलाकारों का बोलबाला रहा। भारतीय सिनेमा जगत के सबसे प्रखर सितारों में एक कमल हासन को पद्म भूषण तो 'डर्टी गर्ल' विद्या बालन व बहुमुखी प्रतिभा के धनी परेश रावल को पद्म श्री से नवाजा गया। भारतीय टेनिस स्टार लिएंडर पेस और कैंसर से उबर कर दोबारा भारतीय क्रिकेट टीम
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। पद्म पुरस्कारों में इस दफा भी चिकित्सा क्षेत्र और कलाकारों का बोलबाला रहा। भारतीय सिनेमा जगत के सबसे प्रखर सितारों में एक कमल हासन को पद्म भूषण तो 'डर्टी गर्ल' विद्या बालन व बहुमुखी प्रतिभा के धनी परेश रावल को पद्म श्री से नवाजा गया। भारतीय टेनिस स्टार लिएंडर पेस और कैंसर से उबर कर दोबारा भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने वाले जांबाज युवराज जैसे खिलाड़ियों को भी पद्म पुरस्कार से सम्मानित करने का फैसला किया गया। जिन 127 हस्तियों को वर्ष 2014 के पद्म पुरस्कारों के लिए चुना गया है उनमें केंद्रीय मंत्री शरद पवार के भाई प्रताप गोविंद राव पवार को भी शामिल हैं।
वैज्ञानिक डॉक्टर रघुनाथ ए. माशेलकर और योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए बीकेएस आयंगर को सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में एक पद्म विभूषण के लिए चुना गया है। फिल्म अभिनेता कमल हासन और टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस को पद्म भूषण से नवाजा जाएगा। पद्म भूषण पाने वालों में गायिका बेगम परवीन सुल्ताना, बैडमिंटन कोच पी. गोपीचंद और चिकित्सक डॉक्टर नीलम प्रमुख हैं। अभिनेता परेश रावल, अभिनेत्री विद्या बालन और क्रिकेटर युवराज सिंह को पद्म श्री से नवाजा जाएगा। शरद पवार के भाई प्रताप गोविंद राव पवार को भी पद्म श्री मिलेगा।
पढ़ें: युवराज सिंह को मिलेगा पद्मश्री अवाडर्
राष्ट्रपति ने वर्ष 2014 के लिए कुल 127 नामचीन हस्तियों को विभिन्न क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन के लिए पद्म पुरस्कारों से सम्मानित करने की घोषणा की है। इनमें दो को पद्म विभूषण, 24 को पद्म भूषण और 101 को पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। पद्म पुरस्कारों में कुल 27 महिलाओं को शामिल किया गया है। प्रवासी भारतीय व भारतीय मूल के लोगों समेत सात विदेशी पद्म पुरस्कार पाएंगे। तीन लोगों को यह सम्मान मरणोपरांत मिलेगा।
पद्म विभूषण पाने वाली दोनों हस्तियां महाराष्ट्र से हैं, जिनमें साइंस और इंजीनियरिंग के क्षेत्र के लिए डॉक्टर रघुनाथ ए. माशेलकर और योग के लिए बीकेएस आयंगर शामिल हैं। पद्म भूषण से सम्मानित होने वालों की सूची में साहित्यकार रस्किन बांड, गुजरात से पेंटिंग के प्रोफेसर गुलाम मुहम्मद शेख, दिल्ली के पब्लिक अफेयर में जस्टिस दलवीर भंडारी को शामिल किया गया है। पद्म भूषण के लिए उत्तर प्रदेश से जस्टिस जगदीश शरण वर्मा को मरणोपरांत चुना गया है। इसी पुरस्कार से चार विदेशी हस्तियों को भी नवाजे जाने का फैसला किया गया है।
पद्मश्री सम्मानित होने वालों में हिमाचल प्रदेश के मुसाफिर राम भारद्वाज को उनकी कला के लिए चुना गया है। दिल्ली के मूर्तिकार प्रोफेसर बिमान बिहारी दास, पश्चिम बंगाल के पेंटर सुनील दास, मणिपुर की नृत्यांगना एलम एंदिरा देवी और फिल्म के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य के लिए विद्या बालन को चुना गया है। दिल्ली से पद्म श्री पाने वालों में समाजसेवी जेएल कौल, हरियाणा के डॉक्टर ब्रह््मदत्त प्रमुख हैं।
पद्म श्री पुरस्कार से नवाजे जाने वालों में सर्वाधिक चिकित्सक शामिल हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के डॉक्टर दया किशोर हाजरा और हरियाणा के डॉक्टर पवन राज गोयल, आमोद गुप्ता और डॉक्टर नरेंद्र कुमार पांडेय को सर्जरी के लिए शामिल किया गया है। हरियाणा के कबड्डी खिलाड़ी सुनील डबास और पर्वतारोहण के लिए ममता सोढ़ा को पद्म श्री दिया गया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।