विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्मार्टफोन के साथ पीसीबी और मेमोरी सर्किट का निर्यातक बन भारत, जानिए 5 साल के आंकड़ें

Published: Sun, 15 Nov 2026 08:30 PM (IST)

भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात अब स्मार्टफोन के दायरे से बाहर निकलकर प्रिंटेड सर्किट बोर्ड और मेमोरी इंटिग्रेटेड सर्किट जैसे उत्पादों तक फैल रहा है।

इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात स्मार्टफोन से आगे बढ़कर विविध उत्पादों तक फैला

इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात स्मार्टफोन से आगे बढ़कर विविध उत्पादों तक फैला

HighLights

  1. इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात स्मार्टफोन से आगे बढ़कर विविध उत्पादों तक फैला

  2. माउंटेड पीसीबी निर्यात में 3219% और स्टफ्ड पीसीबी में 304% वृद्धि

  3. मेमोरी इंटिग्रेटेड सर्किट निर्यात में 2332% का भारी इजाफा

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत का इलेक्ट्रानिक्स निर्यात अब स्मार्टफोन के दायरे से बाहर निकल रहा है। भारत ने स्मार्टफोन के साथ प्रिंटेड सर्किट बोर्ड, नेटवर्क ट्रांसमिशन, राउटिंग उपकरण, मेमोरी इंटिग्रेटेड सर्किट जैसे कई इलेक्ट्रानिक्स आइटम का निर्यात शुरू कर दिया है।

खास बात यह है कि इन आइटम को भारत अमेरिका, चीन, नीदरलैंड, हांगकांग जैसे देशों में निर्यात कर रहा है। पिछले पांच सालों में भारत के इलेक्ट्रानिक्स निर्यात में भारी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन इनमें मुख्य हिस्सेदारी स्मार्टफोन की है।

मोबाइल फोन का निर्यात बढ़कर दो लाख करोड़ के पार 

वर्ष 2021 में मोबाइल फोन का निर्यात 22,800 करोड़ रुपए का था जो वित्त वर्ष 2025 में बढ़कर दो लाख करोड़ को पार कर गया। हालांकि इलेक्ट्रानिक्स आइटम खासकर स्मार्टफोन के कंपोनेंट्स के लिए आयात पर निर्भर होने से निर्यात से अधिक मूल्य का हर साल आयात किया जाता है।

चालू वित्त वर्ष 2026-27 के अप्रैल-अक्टूबर में भारत ने 39 अरब डालर की इलेक्ट्रानिक्स वस्तुओं का निर्यात किया है लेकिन इस अवधि में ही भारत ने 95 अरब डालर की इलेक्ट्रानिक्स वस्तुओं का आयात किया है। हालांकि इनमें लैपटाप, इलेक्ट्रानिक्स कंपोनेंट्स मुख्य रूप से शामिल हैं।

माउंटेड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड का निर्यात 3219 प्रतिशत बढ़ा

वाणिज्य मंत्रालय का कहना है कि अब यह रुख बदल सकता है। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक चालू वित्त वर्ष के अप्रैल-सितंबर में माउंटेड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड के निर्यात में 3219 प्रतिशत तो स्टफ्ड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड के निर्यात में 304 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

पिछले वित्त वर्ष के अप्रैल-सितंबर में माउंटेड सर्किट बोर्ड का निर्यात 6.3 करोड़ डालर का था जो इस साल अप्रैल-सितंबर में बढ़कर 210 करोड़ डालर का हो गया।

स्टफ्ड बोर्ड का निर्यात पिछले साल अप्रैल-सितंबर में 21.4 करोड़ डालर का था जो इस साल की समान अवधि में 86.40 करोड़ डालर का हो गया। इन बोर्ड का निर्यात चीन, हांगकांग, नीदरलैंड व सिंगापुर जैसे देशों में किया गया है।

मेमोरी इंटिग्रेटेड सर्किट निर्यात में 2332% का इजाफा

वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक इस साल अप्रैल-सितंबर में सर्किट बोर्ड के साथ मेमोरी इंटिग्रेटेड सर्किट के निर्यात में 2332 प्रतिशत तो सालिड स्टेट स्टोरेज डेवाइस के निर्यात में 1681 प्रतिशत का इजाफा रहा। वहीं नेटवर्क ट्रांसमिशन उपकरण के निर्यात में 98 प्रतिशत की बढ़ोतरी रही। नेटवर्क ट्रांसमिशन का सबसे अधिक निर्यात अमेरिका में हो रहा है।

जानकारों का कहना है कि गैर स्मार्टफोन का निर्यात बढ़ने से सिर्फ निर्यात को ही प्रोत्साहन नहीं मिलेगा बल्कि इन आइटम के आयात में भी कमी आएगी और घरेलू स्तर पर इन वस्तुओं का उत्पादन बढ़ने से मेक इन इंडिया को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

यह भी पढ़ें- वैश्विक चुनौतियों के बीच चमका भारत का निर्यात, अक्टूबर में 45 प्रतिशत बढ़कर 49 अरब डॉलर से ज्यादा रहा

यह भी पढ़ें- FTA से भारत का निर्यात अक्टूबर में ऑल टाइम हाई! चीन, जापान और अमेरिका में बढ़ा एक्सपोर्ट; इन प्रोडक्ट्स की भारी डिमांड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।