विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 01, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यमन से निकाले गए 358 भारतीयों का जत्था मुंबई व कोच्चि पहुंचा

By Sumit KumarEdited By:
Published: Wed, 01 Apr 2015 08:10 AM (GMT+05:30)Updated: Thu, 02 Apr 2015 11:56 AM (GMT+05:30)

संघर्ष प्रभावित यमन में फंसे करीब 4,000 भारतीय नागरिकों में से 358 को सुरक्षित निकालकर भारत पहुंचा दिया गया। वायु ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। संघर्ष प्रभावित यमन में फंसे करीब 4,000 भारतीय नागरिकों में से 358 को सुरक्षित निकालकर भारत पहुंचा दिया गया। वायु सेना के विशेष विमान से 190 भारतीयों का जत्था आज सुबह मुंबई पहुंचा। जबकि इससे पहले 168 लोगों को वायुसेना का सी 17 विमान से बुधवार देर रात दो बजे कोच्चि ही पहुंचा दिया गया। इस समूह में नर्सें व कामगार भी शामिल हैं।

दरअसल कल ही 358 भारतीयों को यमन के अलग-अलग शहरों से निकाल कर जिबूती हवाई अड्डे पहुंचाया गया था। जिनमें से 168 लोग बुधवार देर रात पहुंचे थे, जबकि बाकी बचे लोग आज सुबह मुंबई पहुंचे।

वायुसेना के विमान से भारत लौटे एक भारतीय ने मुंबई हवाई अड्डे पर बताया कि यमन में हालात ठीक नहीं हैं और वहां अभी भी कुछ और लोग फंसे हुए हैं। भारत वापसी पर खुशी जताते हुए उसने बताया कि भारत की सरकार ने हमें वापस लाने में अच्छा काम किया है।

आज सुबह मुंबई पहुंचे 190 लोगों के जत्थे में कई प्रदेशों के लोग शामिल हैं। इनमें से 7 केरल से, 40 तमिलनाडु से, 30 बंगाल से व 22 महाराष्ट्र के लोग हैं। इन सभी लोगों के मुंबई से उनके घर भेजा जाएगा।

वहीं इससे पहले वायुसेना का विशेष विमान जब कोच्चि हवाई अड्डे पर पहुंचा तो राज्य के मंत्री केसी जोसेफ, इब्राहिम कुंजू और अर्नाकुलम के जिलाधिकारी वहां मौजूद थे। उन्होंने बचाए गए लोगों का स्वागत किया।

गौरतलब है कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि 350 भारतीयों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। उन्होंने जल्द इनके भारत पहुंचने की संभावना जताई थी। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह यमन के पड़ोसी देश जिबूती में हैं और नौसेना तथा वायुसेना के साथ अभियान का समन्वय कर रहे हैं। भारतीय नौसेना की मदद से अदन से बाहर निकाले गए भारतीय नागरिक जिबूती पहुंच चुके हैं। इन नागरिकों को लेकर भारतीय वायुसेना (आइएएफ) का एक ग्लोबमास्टर परिवहन विमान कोच्चि, जबकि दूसरा मुंबई में उतरेगा।'

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने बताया कि इन 350 लोगों में 206 केरल, 40 तमिलनाडु, 31 महाराष्ट्र, 23 पश्चिम बंगाल, 22 दिल्ली, 15 कर्नाटक तथा 13 आंध्र प्रदेश व तेलंगाना के निवासी हैं। अकबरुद्दीन ने ट्वीट किया है, 'वायुसेना का विमान सी-17 ग्लोबमास्टर जिबूती पहुंच चुका है और जल्द ही दूसरा विमान भी पहुंचने वाला है।'

मालूम हो, यमन से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के अभियान 'ऑपरेशन राहत' के तहत दो युद्धपोत आइएनएस मुंबई और आइएनएस तरकश के अलावा यात्री पोत कावारत्ती और कोरल पहले ही जिबूती के लिए रवाना हो चुके हैं। यमन में 22 जनवरी को शिया हाउदी विद्रोहियों ने अब्दराबुह मंसूर हादी का तख्तापलट कर राजधानी सना पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद से वहां संघर्ष जारी है।

पढ़ें - यमन से 350 भारतीयों को सुरक्षित निकाला

यमन हमले की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें