यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 18, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अब एम्स में इलाज के लिए नहीं होगी परेशानी, मोबाइल एप से लें समय
एम्स ने मरीजों की सुविधा के लिए एक मोबाइल एप्लीकेशन जारी किया है। एंड्रॉयड स्मार्ट फोन इस्तेमाल करने वाले लोग ...और पढ़ें

नई दिल्ली (राज्य ब्यूरो)। एम्स ने मरीजों की सुविधा के लिए एक मोबाइल एप्लीकेशन जारी किया है। एंड्रॉयड स्मार्ट फोन इस्तेमाल करने वाले लोग इस मोबाइल एप के जरिए एम्स में इलाज के लिए डॉक्टरों से समय ले सकेंगे। फिलहाल पुराने मरीज ही इस सुविधा का लाभ उठा पाएंगे। हालांकि, एम्स प्रशासन का कहना है कि दो सप्ताह के अंदर नए मरीजों को भी इस सुविधा का लाभ मिलने लगेगा। नए मरीज भी इस मोबाइल एप की सहायता से एम्स में इलाज के लिए डॉक्टरों से समय ले सकेंगे।
इस सुविधा से लोगों को राहत मिलेगी और एम्स में ओपीडी कार्ड बनवाने के लिए उन्हें परेशान नहीं होना पड़ेगा। एम्स के कंप्यूटरीकरण के प्रभारी डॉ. दीपक अग्रवाल ने कहा कि संस्थान ने ‘एम्सदिल्ली’ नाम से यह एप जारी किया है। जिसे गूगल प्ले के जरिए डाउनलोड किया जा सकता है। इसकी सहायता से एम्स में इलाज के लिए डॉक्टरों से समय लिया जा सकता है। फिलहाल जो मरीज पहले एम्स में दिखा चुके हैं वे ही इसका फायदा उठा पाएंगे। दूसरी बार एम्स में दिखाने के लिए वे इस एप के जरिए डॉक्टर से समय ले सकते हैं। समय लेने के लिए मरीजों को अपना विशेष पहचान नंबर दर्ज करना पड़ता है।
नए मरीजों को भी यह सुविधा दी जाएगी।
इस दिशा में काम चल रहा है। एम्स में पहले से ऑनलाइन व फोन पर डॉक्टर से मिलने के लिए समय लेने की सुविधा है। इस एप के शुरू होने से मरीजों को भागदौड़ से निजात मिलने की उम्मीद की जा रही है।