विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पहेली बना भटकल का इशारा

By Edited By:
Published: Mon, 02 Sep 2013 11:18 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 03 Sep 2013 12:18 AM (GMT+05:30)

पुलिस की हिरासत के दौरान मीडिया के सामने आतंकी सरगना यासीन भटकल द्वारा किए गए इशारे ने सुरक्षा एजेंसियों को मुश्किल में डाल दिया है। पूछताछ के दौरान भटकल ने बताया है कि उसने गिरफ्तारी को तनिक भी तरजीह न देने के लिए इशारा किया था। लेकिन एजेंसियों को आशंका है कि इंडियन मुजाहिदीन का सह संस्थापक अपने सहयोगी आतंकियों को खास संदेश दे रहा था।

News Article Hero Image

नीलू रंजन, नई दिल्ली। पुलिस की हिरासत के दौरान मीडिया के सामने आतंकी सरगना यासीन भटकल द्वारा किए गए इशारे ने सुरक्षा एजेंसियों को मुश्किल में डाल दिया है। पूछताछ के दौरान भटकल ने बताया है कि उसने गिरफ्तारी को तनिक भी तरजीह न देने के लिए इशारा किया था। लेकिन एजेंसियों को आशंका है कि इंडियन मुजाहिदीन का सह संस्थापक अपने सहयोगी आतंकियों को खास संदेश दे रहा था।

ध्यान देने की बात है कि गिरफ्तारी के बाद यासीन भटकल तीन बार मीडिया के सामने आया। वैसे तो उसका मुंह काले कपड़े से ढका था, लेकिन उसमें सुराख के माध्यम से वह मीडिया की मौजूदगी आसानी से देख रहा था। तीनों ही मौकों पर मीडिया की देखते हुए उसने अपने दाहिने हाथ की तर्जनी अंगुली (इंडेक्स फिंगर) को एक खास अंदाज में सीधा ऊपर उठाया। इसे मीडिया के कैमरों में कैद किया गया। सुरक्षा एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार इसके माध्यम से भटकल अपने साथी आतंकियों को खास संदेश करने की कोशिश कर रहा था।

भारत में मौजूद इंडियन मुजाहिदीन के आतंकियों के बारे में कुछ नहीं बताने वाला यासीन भटकल अपनी अंगुली के इशारे के सवाल को टालने की कोशिश कर रहा है। भटकल से पूछताछ करने वाले एनआइए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उसके अनुसार अंगुली के इशारे से वह अपनी गिरफ्तारी को तनिक भी तरजीह नहीं देने का संकेत कर रहा था। लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इससे सहमत नहीं हैं।

भटकल की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने वाले खुफिया ब्यूरो के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भटकल जैसा आतंकी सिर्फ इसके लिए तीन बार संकेत नहीं कर सकता है। भटकल से इस संबंध में बार-बार पूछताछ की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हिरासत के दौरान धीरे-धीरे भटकल का मनोबल टूटेगा और वह सच बोलने के लिए मजबूर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बड़े आतंकियों से पूछताछ में पहले भी ऐसा हो चुका है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।