रेलमंत्री ने दिया संसद में बयान, अचानक आई बाढ़ के चलते हुआ हादसा
रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने अत्यधिक बारिश के परिणामस्वरूप अचानक आई बाढ़ को हरदा ट्रेन हादसों की वजह बताया है। दोहरे ट्रेन हादसे पर प्रभु ने बुधवार सुबह संसद के दोनों सदनों में बयान दिया और फिर तुरंत बाद रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के साथ दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने अत्यधिक बारिश के परिणामस्वरूप अचानक आई बाढ़ को हरदा ट्रेन हादसों की वजह बताया है। दोहरे ट्रेन हादसे पर प्रभु ने बुधवार सुबह संसद के दोनों सदनों में बयान दिया और फिर तुरंत बाद रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के साथ दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
संसद में दिए स्वत: स्फूर्त बयान में प्रभु ने कहा कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना भारी वर्षा के कारण अचानक आई बाढ़ के कारण हुई है। उनके अनुसार तब तक 12 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 25 लोग घायल हुए थे। राजेंद्र नगर-मुंबई जनता एक्सप्रेस से 11 शव निकाले जा चुके थे। जबकि मुंबई-वाराणसी कामायनी एक्सप्रेस से एक शव बरामद हुआ था। मृतकों व घायलों की सही संख्या का पता लगाया जा रहा था।'
राज्यमंत्री मनोज सिन्हा की मौजूदगी में प्रभु ने कहा, दुर्घटना की वैधानिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। रेलवे प्रभावित यात्रियों को मदद पहुंचाने के पूरे प्रयास कर रहा है। प्रभु के अनुसार पिछली रात साढ़े 11 बजे हादसे के बाद उन्होंने स्वयं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से संपर्क साधा और उनके साथ मिलकर रात भर राहत व बचाव कार्यो की अपने स्तर पर निगरानी की।
कांग्रेस ने मांगा इस्तीफा
बहरहाल, कांग्रेस ने हादसे के लिए रेलमंत्री का इस्तीफा मांगा। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा, 'प्रभु जी ये क्या हो रहा है? हम हमेशा आपको अच्छा मंत्री मानते थे। इस हादसे की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। आखिर शास्त्री जी ने ट्रेन एक्सीडेंट के बाद जबकि माधव राव सिंधिया ने प्लेन क्रैश होने के बाद इस्तीफा दे दिया था।
लेकिन हमें मालूम है कि आप ऐसा नहीं करेंगे। क्योंकि आप उन लोगों की गलत संगत में हैं जिन्हें पता ही नहीं कि जवाबदेही होती क्या है। भाजपा को जवाबदेही और कार्रवाई में भरोसा ही नहीं है। राजनाथ जी ने कहा ही है कि भाजपा में कोई भी इस्तीफा नहीं देता और हम कांग्रेस नहीं हैं।'

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।