यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 03, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पचास से ज्यादा लोगों तक पहुंचे अरबों के जाली नोट
पश्चिम बंगाल के माल्दा में बैठकर अख्तर हुसैन यूपी के बड़े शहरों में नकली करेंसी की खेप पहुंचा रहा था। मेरठ की ब्रह्मंपुरी पुलिस ने उसके कब्जे से 24 लाख सात हजार के नकली नोट बरामद करने के बाद उसे जेल भेज दिया। मास्टरमाइंड ने बताया कि वेस्ट यूपी में पचास से ज्यादा लोगों का नेटवर्क खड़ा कर अरबों रुपये की सप्लाई दे चुका

लखनऊ। पश्चिम बंगाल के माल्दा में बैठकर अख्तर हुसैन यूपी के बड़े शहरों में नकली करेंसी की खेप पहुंचा रहा था। मेरठ की ब्रह्मंपुरी पुलिस ने उसके कब्जे से 24 लाख सात हजार के नकली नोट बरामद करने के बाद उसे जेल भेज दिया। मास्टरमाइंड ने बताया कि वेस्ट यूपी में पचास से ज्यादा लोगों का नेटवर्क खड़ा कर अरबों रुपये की सप्लाई दे चुका है। पकड़ी गई रकम को भी मेरठ के अलावा सहारनपुर में होने वाले चुनाव में ले जा रहा था।
मेरठ के एसपी सिटी ओमप्रकाश ने बताया कि सीओ ब्रह्मपुरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को पश्चिम बंगाल के मुर्सिदाबाद स्थितजंगीपुर से अख्तर हुसैन निवासी हेरा भगवानपुर माल्दा को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 24 लाख सात हजार के नकली नोट बरामद हुए हैं। यह रकम अख्तर ने मेरठ और सहारनपुर में सप्लाई करने के लिए मोहनपुर माल्दा के भाशू और मन्नू से ली थी। रकम को लड़कों के माध्यम से मेरठ और सहारनपुर भेजना था। एसपी सिटी ने बताया कि 22 अगस्त को नकली नोटों के साथ पकड़े गए शौकीन की निशानदेही पर अख्तर तक पहुंच पाए। क्योंकि शौकीन की शादी मुर्शिदाबाद के ग्राम रामपुरा में हुई थी। पुलिस ने 22 अगस्त को शौकीन और गुलशेर को 49 हजार नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में अख्तर ने पुलिस को बताया कि उसके संबंध भाशू और मन्नू से है, जिनका जुड़ाव डी-कंपनी से है। वह नेपाल और पाकिस्तान से नकली नोटों की सप्लाई करते है। साथ ही अख्तर हुसैन ने यह भी बताया कि वह मेरठ जोन के नौ जनपदों में अब तक पचास लाख से ज्यादा के नकली नोट खपा चुका है। यह रकम भी मेरठ और सहारनपुर के उप चुनाव में सप्लाई के लिए जा रही थी। पुलिस ने अख्तर की गिरफ्तारी के बाद वेस्ट यूपी में उसके नेटवर्क से जुड़े कैरियर की तलाश कर दी है। वह किस पार्टी के प्रत्याशी को सप्लाई देने के लिए जा रहा था। इसके लिए उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ होगी। पुलिस ने आरोपी अख्तर हुसैन को जेल भेज दिया।