यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली में नई सरकार या फिर चुनाव, राजनाथ से मिले उपराज्यपाल
दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। कहा जा रहा है ...और पढ़ें

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। कहा जा रहा है कि उन्होंने गृह मंत्री को दिल्ली के ताजा राजनीतिक हालात पर एक रिपोर्ट सौंपी है। हालांकि राजनिवास ने इस शिष्टाचार मुलाकात बताया है। जंग बुधवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिले थे। दिल्ली की सियासी स्थिति के मद्देनजर इन मुलाकातों को बेहद अहम माना जा रहा है।
राज्य में करीब तीन महीने से राष्ट्रपति शासन लागू है और विधानसभा को निलंबित स्थिति में रखा गया है। सियासी जानकारों का कहना है कि जब तक केंद्र सरकार कोई निर्णय नहीं ले लेती, तब तक न तो राष्ट्रपति शासन खत्म होगा और न ही विधानसभा के निलंबन पर निर्णय होगा। गृह मंत्रालय उपराज्यपाल की रिपोर्ट के आधार पर राष्ट्रपति के समक्ष चुनाव कराने अथवा विधानसभा का निलंबन समाप्त कर नई सरकार के गठन का रास्ता साफ करने संबंधी प्रस्ताव रखेगा। पिछली सरकार ने संसद में यह जवाब भी दिया था कि दिल्ली में नई सरकार के गठन की संभावनाओं के मद्देनजर ही विधानसभा को भंग नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि 29 विधायकों के साथ सबसे बड़ा दल होने के नाते भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है।