Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ले. कर्नल समेत पांच भारतीय फौजी दक्षिण सूडान में शहीद

    By Edited By:
    Updated: Tue, 09 Apr 2013 09:49 PM (IST)

    नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। दक्षिण सूडान में एक लेफ्टिनेंट कर्नल समेत भारतीय सेना के पांच फौजी संयुक्त राष्ट्र मिशन पर हुए विद्रोहियों के हमले में शहीद हुए हैं। मंगलवार दोपहर हुए इस हमले में विद्रोहियों और भारतीय सैनिकों के बीच एक घंटे चली मुठभेड़ में कैप्टन समेत पांच सैनिक घायल भी हुए हैं।

    नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। दक्षिण सूडान में एक लेफ्टिनेंट कर्नल समेत भारतीय सेना के पांच फौजी संयुक्त राष्ट्र मिशन पर हुए विद्रोहियों के हमले में शहीद हुए हैं। मंगलवार दोपहर हुए इस हमले में विद्रोहियों और भारतीय सैनिकों के बीच एक घंटे चली मुठभेड़ में कैप्टन समेत पांच सैनिक घायल भी हुए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सेना मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार, अफ्रीकी मुल्क दक्षिण सूडान के गुमरुक से सुबह साढ़े सात बजे भारतीय शांति सैनिकों की हिफाजत में आधा दर्जन वाहन बोर की ओर रवाना हुए। हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी लेफ्टीनेंट महिपाल सिंह की अगुआई में 9 मैकेनाइज्ड इंफेंट्री और 6 महार रेजीमेंट के सैनिकों का दस्ता पांच वाहनों में था जिसमें दो जीप व तीन ट्रक शामिल थे। गुमरुक से बोर के बीच मंगलवार दोपहर [भारतीय समयानुसार करीब साढ़े बारह बजे] विद्रोहियों ने रॉकेट चलित ग्रेनेड और रायफलों से काफिले पर हमला कर दिया, जिसमें महिपाल सिंह समेत पांच फौजी और सात नागरिकों की मौत हो गई। 9 मैकेनाइज्ड इंफेंट्री पल्टन के कैप्टन भागीरथ समेत पांच फौजी घायल भी हो गए। हताहत और घायलों को हेलीकाप्टरों की मदद से मौके से निकाल लिया गया है।

    सूत्रों के मुताबिक, महिपाल सिंह दो अफसरों और 35 अन्य रैंक वाले भारतीय दस्ते की अगुवाई कर रहे थे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक, दक्षिण सूडान की राजधानी जूबा स्थित भारतीय दूतावास संयुक्त राष्ट्र भारतीय शांति मिशन के संपर्क में है। सैनिकों के शवों को लौटाने के इंतजाम किए जा रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र के प्रावधानों के मुताबिक, शहीद सैनिकों के परिजनों को 70 हजार डॉलर का मुआवजा मिलेगा। घायलों को भी किसी अपंगता की स्थिति में मुआवजा मिलेगा।

    बीते पांच सालों में यह भारतीय शांति मिशन को हुआ सबसे बड़ा नुकसान है। अहम है कि शांति मिशन के तहत दक्षिण सूडान में भारत के 2300 सैनिक तैनात हैं। अफ्रीका में लंबे गृहयुद्ध के बाद जुलाई 2011 में सूडान के विभाजन से बने दक्षिण सूडान में भारतीय शांति सैनिक सितंबर 2011 से तैनात हैं। 6 महार रेजीमेंट और 9 मैकेनाइज्ड इंफेंट्री के सैनिक वहां सितंबर 2012 से तैनात हैं। ज्ञात हो, दुनिया में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के परचम तले भारत ने अब तक 144 सैनिक गंवाए हैं।

    हमले में शहीद फौजी

    - लेफ्टिनेंट कर्नल महिपाल सिंह, 9 मैकेनाइडज्ड इंफेंट्री

    - नायक सूबेदार शिवकुमार पाल, 6 महार रेंजीमेंट

    -हवलदार हीरालाल, 9 मैकेनाइडज्ड इंफेंट्री

    - हवलदार भरत सिंह, 6 महार रेंजीमेंट

    -सिपाही नंदकिशोर, 6 महार रेजीमेंट

    ------------------

    भारतीय शांति मिशन

    -संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत भारत के 6950 शांति सैनिक कांगो, सूडान, लेबनान सीरिया और इजरायल के बीच गोलान हाइट्स जैसे स्थानों पर तैनात हैं।

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर