Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    संघ का भाजपा से कोई संबंध नहीं

    By Edited By:
    Updated: Fri, 05 Oct 2012 11:56 AM (IST)

    रांची : संघ का भाजपा से कोई संबंध नहीं है। हमारे लिए सभी दल बराबर हैं। जो भी संघ के आदर्श को मानेगा, उनके लिए हमारे दरवाजे खुले हैं। संघ का काम व्यक्ति व समाज का निर्माण है राजनीति करना नहीं। सरसंघचालक मोहन राव भागवत ने राम मंदिर निर्माण के प्रति कटिबद्धता दर्शाते हुए कहा कि यह हो कर रहेगा। इसके लिए जनआंदोलन के माध्यम से संसद पर कानून बनाने के लिए दबाव बनाया जाएगा। इस आंदोलन में मुस्लिमों से भी शामिल होने की बात कही। भागवत ने मुस्लिमों से संघ की शाखाओं पर भी आने की बात कही।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुवार को रांची में संघ के कार्यक्रम में मोहन भागवत ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ का राजनीति से संबंध नहीं है। राजनीति समाज को तोड़ने का काम करती है, जोड़ने का नहीं और संघ का काम समाज को संगठित करने के साथ-साथ व्यक्ति का निर्माण करना है। संघ के लिए कोई पार्टी अछूत नहीं। हमारी विचारधारा को मानते हुए जो भी मदद मांगेगा, करेंगे। सभी पार्टियों में स्वयंसेवक हैं, भाजपा में ज्यादा हैं। इसलिए उनकी संघ से ज्यादा निकटता है। वे किसी मुद्दे पर मदद मांगते हैं वहीं दूसरे दल वाले इसके लिए हिम्मत नहीं जुटा पाते। उन्हें लाज आती है।

    राम मंदिर का निर्माण हो कर रहेगा :

    राम मंदिर निर्माण के संबंध में कहा कि यह पूरा आंदोलन हिंदू समाज का है, जिसे संत समाज आंदोलित कर रहा है। संघ का इसे प्रत्यक्ष समर्थन प्राप्त है। मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। यह झगड़ा सिर्फ राजनीतिक है। राम जन्म भूमि पर राम मंदिर का निर्माण हो कर रहेगा। संघ इसके लिए कटिबद्ध है। यदि समझौते से बात नहीं बनती है तो संसद से कानून पास कराने के लिए केंद्र सरकार पर राजनीतिक दबाव बनाया जाएगा। उन्होंने मुस्लिमों से इसमें सहयोग करने की अपील की।

    भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन का समर्थन :

    देश में चल रहे भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के संबंध में भागवत ने कहा कि संघ का इसका समर्थन प्राप्त है। यह केवल कानून बनाने से दूर नहीं हो सकता है। इसके लिए खुद को बदलना होगा। उन्होंने इसके लिए आंदोलन करने वाले सभी लोगों को एक मंच पर आने की बात कही।

    नहीं घट रही शाखाओं की संख्या : भागवत ने कहा कि देश में शाखाओं की संख्या घट नहीं रही है। कहीं कम हुई है तो कहीं ज्यादा। उन्होंने इस बात को माना की जिस गति से शाखाओं की संख्या बढ़नी चाहिए उस गति से नहीं बढ़ रही है। उसमें गति देने की आवश्यकता है। प्रचारकों की संख्या पर कहा कि अभी देश में 2350 प्रचारक है। इनका जीवन बहुत ही कठिन है।

    मुस्लिम भी आ सकते हैं शाखा : मुस्लिमों से भी शाखा आने का आह्वान करते हुए कहा, संघ सभी को भारत माता की संतान मानता है। किसी के प्रति भेदभाव नहीं करता है। तथाकथित अल्पसंख्यकों में संघ के बारे में जो गलतफहमी है उसे दूर करना चाहिए। मुसलमानों को हम वोटर नहीं भाई मानते हैं। परन्तु उन्हें भी भाई का रिश्ता निभाना होगा।

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर