नींबू-शहद के प्रयोग से खिल उठेगा चेहरा
नगर संवाददाता, जमशेदपुर : शहर की जानी-मानी ब्यूटीशियन अन्नू प्रसाद बुधवार को दैनिक जागरण के लोकप्रिय कार्यक्रम प्रश्न प्रहर में शामिल हुई। अधिकांश सवाल त्वचा में निखार लाने के संबंध में थे। प्रसाद ने बताया कि चेहरे पर चमक लाने के लिए खाली पेट उबले पानी में शहद और नींबू का रस मिलाकर पीयें। जिन्हें शुगर है वो बिना शहद के भी पानी का सेवन कर सकते हैं। खूबसूरती का सारा कनेक्शन पेट से है। ऐसा करने से पेट साफ रहेगा, साथ ही चेहरे पर चमक आएगी। इसके अलावा खीरे और टमाटर का पेस्ट लगाने से चेहरा चमकता है। बादाम के तेल मे एक बूंद नींबू मिलाकर लगाना भी लाभकारी होगा। प्रस्तुत है कि पाठकों के आये सवाल और उनके जवाब के मुख्य अंश:
सवाल : चेहरे पर बहुत सारे काले तिल हैं, खास कर नाक के पास। इन्हें हटाने के उपाय बताएं।
कुंदन कुमार, सुंदरनगर
जबाब : इन काले तिलों को क्रैकल कहते हैं। इन्हें हटाने के लिए टमाटर व नींबू के रस में जौ के आटे का बना फेस पैक लगायें, लाभ मिलेगा। पूरी तरह से हटाने के लिए किसी क्लिनिक सेंटर में जा कर पीलिंग और हीलिंग कराएं, ये क्रैकल स्थाई रूप से चले जाएंगे।
सवाल : मेरी त्वचा काफी तैलीय है, बरसात में चिपचिपापन काफी बढ़ जाता है। कोई अच्छा क्रीम बताएं जिसमें चिकनाई न हो।
सुमन सिंह, साकची
जवाब : सप्ताह में एक बार फेस पैक जरूर लगाएं ताकि त्वचा का ऑयल कंट्रोल किया जा सके। मुल्तानी मिट्टी, चंदन और गुलाब जल का बना पेस्ट चेहरे पर लगाएं और चेहरे को ठंडे पानी से धोएं, लाभ मिलेगा। ऐलोवेरा जेल लगाएं।
सवाल : मेरी उम्र 25 साल है, मुंहासों से परेशान हूं। मुंहासे सूखने के बाद काले दाग छोड़ जाते हैं, क्या करूं?
सीता कुमारी, चांडिल
जवाब : एक बार पूरे फेस को किसी क्लिनिंग सेंटर में जाकर साफ करायें, उसके बाद उसे मेंटेन करने के लिए सप्ताह में एक बार नीम और तुलसी के पत्ते को उबाल कर निकाले गए पानी में मुल्तानी मिट्टी का पेस्ट बनाकर लगाएं। पानी का खूब सेवन करें, दिन में दो तीन बार ऑयल फ्री फेसवाश से चेहरा धोएं।
सवाल : मेरी उम्र 22 साल है मेरे हाथ काफी सख्त हैं, मुलायम करने के कोई घरेलू तरीके बताएं?
नीलम कुमारी, आदित्यपुर
जवाब : रात को सोने से पहले हल्के गरम पानी में नींबू व नमक मिलाकर हाथ को 10 मिनट डूबा कर रखें। इसके बाद हाथों में हैंड लोशन या बिटमिन ई युक्त लोशन लगाएं।
सवाल : मेरे चेहरे पर काफी मुंहासे निकल आये हैं। इन्हें हटाने पर ब्लैक हेड्स हो जाते हैं। इन्हें हटाने के उपाय बताएं?
नेहा अग्रवाल, जुगसलाई
जवाब : किसी अच्छे क्लिनिक से संपर्क करें। इसके बाद दही और सूजी का पैक बनाकर लगाएं। नीम, नींबू और मुलतानी मिट्टी का पैक बनाकर लगाएं।
सवाल : मेरी उम्र 29 वर्ष है, आंखों के नीचे काले घेरे हैं। ये सर्किल काफी डार्क हैं, इन्हें हटाने के कोई घरेलू उपाय बताएं।
संगीता, सुंदरनगर
जवाब : रात को सोने के समय बादाम तेल लगाएं या किसी अच्छी कंपनी का अंडर आई जेल लगाएं। इसके अलावा अंडर आई पैक सप्ताह में एक बार जरूर लगाएं, इसके लिए मैदा, कच्चा दूध और डाभ का पानी लेकर पैक बनाकर लगाएं, लाभ मिलेगा।
सवाल : गर्भावस्था के बाद मेरे बाल काफी तेजी से झड़ने लगे हैं। क्या करूं? कोई उपाय बताएं?
बबली चावला, जुगसलाई
जवाब : हार्मोनल बदलाव के चलते ऐसा होता है। इसके लिए खाली पेट तुलसी के उबले पानी में एक चम्मच शहद मिलाकर पीयें। ये हार्मोनल बदलावों को ठीक करता है। इसके अलावा बालों को सप्ताह में एक बार हेयर मसाज और स्टीम दें। हेयर पैक का भी प्रयोग कर सकते हैं। लाल उड़हुल के फूल और उसके पत्ते तथा नीम के पत्ते और मेथी के पाउडर को दही और अंडे में फेंट कर लगाएं। थोड़ी देर छोड़ कर साफ कर दें, बालों का झड़ना रूक जाएगा।
सवाल : गर्मियों की वजह से चेहरे पर छोटे-छोटे दाने निकल आए हैं। ये दाने अपने दाग छोड़ जाते हैं, ऐसी परेशानी खास कर बरसात में होती है। कोई उपाय बताएं?
सरबजीत कौर, मानगो
जबाब : चेहरे को किसी अच्छे फेसवाश से दिन भर में दो तीन बार धोएं, उससे पहले डेटॉल के पानी से भी चेहरे को धो लें। चेहरे पर बर्फ लगाएं, लाभ मिलेगा।
सवाल : मेरी उम्र 43 वर्ष है, कुछ दिनों पहले बीमारी से ग्रसित थी। ठीक होने के बाद चेहरे पर दाग हो गए हैं। ये दाग कैसे खत्म हो सकते हैं? उपाय बताएं?
पूजा दुबे, सोनारी
जवाब : किसी अच्छे क्लिनिक में जाकर चेहरे को साफ कराएं, इसके बाद कच्चे दूध से रोज चेहरे को साफ करें। रात को सोने से पहले विटामिन युक्त ब्लेमिश क्रीम का प्रयोग करें।
सवाल : चेहरे पर काफी झाइयां हैं, जिनकी वजह से चेहरा बेजान लगता है। कोई उपाय बताएं?
झरना कुमारी, परसूडीह
जबाब : महीने में एक बार फेशियल आवश्यक है। सप्ताह में दो दिन मलाई में नींबू का रस मिलाकर चेहरे को साफ करें। चेहरे पर चमक आ जाएगी।
सवाल : चेहरे पर झांइयां हैं, इससे मुक्ति के लिए मैंने प्राकृतिक एलोवेरा का प्रयोग किया था लेकिन इसे लगाने के बाद ऐलोवेरा के काले निशान बन गए हैं, क्या करूं?
सरबजीत कौर, आदित्यपुर
जबाब : ऐलोवेरा का दूध किसी भी चेहरे पर नहीं लगाना चाहिए। इसके लिए आपको त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेने की जरूरत है। ऐलोवेरा का जेल किसी तरह से सीधे चेहरे पर लगाना नुकसान देह है।
सवाल : त्वचा काफी तैलीय है, किसी भी फेसवाश से चेहरा साफ करने के थोड़े देर बाद वही स्थिति हो जाती है। कोई फेसवाश बताएं, साथ ही उपाय भी।
रितेश कुमार, जुगसलाई
जबाव : लोटस और एरोमा के ऑयल फ्री फेसवाश लगाएं, वैसे मार्केट में और भी उत्पाद मौजूद हैं। नीम और तुलसी पानी से चेहरे को दिन में दो-तीन बार साफ करें।
सवाल : मेरी त्वचा सांवले रंग की है, त्वचा के लिए कोई क्रीम बताएं। साथ ही कोई ऐसी नाईट क्रीम बताएं जिससे धूप में निकलने पर त्वचा ड्राइ न हो ?
रतन कुमारी, मानगो
जवाब : रेनबैक्सी कंपनी का स्किन लाइटनिंग क्रीम लगाएं। ये दिन और रात दोनों में लगाया जा सकता है। साथ ही यह आपकी त्वचा को भी गोरा बनाएगा।
सवाल : मेरे चेहरे पर बहुत सारे ब्लैक हेड्स हैं, खास कर नाक के पास इनकी संख्या बहुत ज्यादा है। कोई घरेलू उपाय बताएं।
पल्लवी सिंह, मानगो
जवाब : सूजी में दही मिलकर ब्लैकहेड्स के स्थान पर मलें। इसके बाद प्रभावित स्थान पर कॉटन को हल्के गर्म पानी में डुबा कर लगाएं, इससे ब्लैक हेड्स निकल जाएंगे। इसके बाद तुलसी के उबले पानी में मुलतानी मिट्टी मिलाकर लगाएं। लाभ होगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।