नीरज हत्याकांड: विधायक संजीव के भाई सिद्धार्थ से पूछताछ
धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने झरिया के भाजपा विधायक संजीव सिंह के छोटे भाई सिद्धार्थ से पूछताछ की।
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर और कांग्रेस नेता नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या मामले में रविवार को पुलिस ने झरिया के भाजपा विधायक संजीव सिंह के छोटे भाई सिद्धार्थ गौतम उर्फ मनीष सिंह से पूछताछ की। सरायढेला थाने में डीआइजी साकेत सिंह के साथ पूछताछ में एसएसपी मनोज रतन चोथे भी मौजूद थे। इधर, रविवार को ही डीआइजी समेत वरीय अधिकारियों की टीम ने नीरज सिंह के घर रघुकुल जाकर उनके परिजनों से बातचीत करते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली। नीरज हत्याकांड के बाद पहली बार पुलिस रघुकुल गई।
पूछने पर डीआइजी ने बताया कि कुछ जानकारियां मिलीं थीं, इस कारण पुलिस रघुकुल गई थी। फिलहाल, नीरज सिंह के परिजन घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं। इस कारण हम ही वहां चले गए। विधायक संजीव सिंह के साथ इस हत्याकांड में उनके छोटे भाई मनीष सिंह भी नामजद अभियुक्त हैं। उनके खिलाफ इस हत्याकांड की साजिश रचने का आरोप है। कांड के पांचवें अभियुक्त के तौर पर पुलिस ने सिद्धार्थ गौतम उर्फ मनीष सिंह से पूछताछ की। पुलिस सिंह मैंशन गई थी और मनीष सिंह को साथ लेकर सरायढेला थाना आयी। वहां करीब डेढ़ घंटे तक मनीष सिंह से कई बिंदुओं पर पूछताछ हुई। फिर बाद में मनीष सिंह को छोड़ दिया। घटना को लेकर पुलिस पहले ही विधायक संजीव सिंह से पूछताछ कर चुकी है। वारदात में अभी तक सिंह मैंशन से जुड़े तीन लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है वहीं तीन लोग अवैध हथियार रखने के आरोप में जेल गए हैं।
पुलिस ने पूछे मनीष से ये सवाल
सवाल : नीरज की हत्या के दिन आप कहां थे? जवाब : कुंती निवास में। फिर वहां से सिंह मैंशन भी गया था। सवाल : घटना के वक्त तुम कहां था जवाब : कुंती निवास में सवाल : - नीरज की हत्या के बारे में क्या जानते हो? जवाब : कुछ नहीं। सवाल : रंजय की हत्या क्यों और किसने की? जवाब : इसमें भी मैं कुछ नहीं जानता हूं।सवाल : परिवार में किसी विवाद की जानकारी है? जवाब : नहीं सवाल : नीरज की हत्या किसने की है जवाब : मैं इस संबंध में कुछ नहीं जानता हूं। सवाल : नीरज के परिवार वाले घटना में तुम्हारा नाम क्यों ले रहे हैं। जवाब : यह बात मुझे नहीं पता।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।