प्रसव पीड़ा से कराहती महिला पर नहीं पसीजे जाम लगाने वाले भाजपाई
महिला दर्द से कराहती रही और उसके परिजन लोगों से अस्पताल जाने के लिए रास्ता देने की गुहार लगाते रहे लेकिन जाम करनेवालों का दिल नहीं पसीजा।
चतरा, सूर्यकांत/अमन। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को सभी उपायुक्तों को कहीं सड़क जाम नहीं होने देने और सड़क जाम की नेतागिरी करने वालों को जेल भेजने का आदेश दिया वहीं शुक्रवार को ही चतरा में भाजपा नेताओं का असंवेदनशील चेहरा दिखा।
यहां सदर अस्पताल की बिगड़ती व्यवस्था को लेकर भाजपा नेता सह जिला बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के जिला उपाध्यक्ष नवीन साह के नेतृत्व में शुक्रवार को अस्पताल में हंगामा व तोडफ़ोड़ के साथ एनएच जाम कर दिया गया। इसी जाम में सदर प्रखंड के ब्रह्मणा गांव निवासी रोसिया गंझू की गर्भवती पत्नी सबिला देवी फंस गईं। रोसिया अपनी पत्नी को ममता वाहन से सदर अस्पताल ला रहे थे।
जाम कर रहे इन नेताओं ने इस महिला की जान की भी परवाह नहीं की। महिला दर्द से कराहती रही और उसके परिजन लोगों से अस्पताल जाने के लिए रास्ता देने की गुहार लगाते रहे लेकिन जाम करनेवालों का दिल नहीं पसीजा। अंतत: ममता वाहन में ही महिला का प्रसव हो गया। अच्छी बात यह रही कि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। बाद में किसी तरह महिला को अस्पताल मे भर्ती कराया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।