विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 13, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चीन के प्रति केंद्रीय नीति पूरी तरह असमंजसपूर्ण

By Edited By:
Published: Mon, 13 May 2013 01:06 AM (IST)Updated: Mon, 13 May 2013 01:18 AM (IST)

News Article Hero Image

जागरण ब्यूरो, श्रीनगर : भारतीय जनता पार्टी के सांसद व प्रमुख प्रवक्ता प्रकाश जावेडकर ने रविवार को चीन के प्रति केंद्रीय नीति को पूरी तरह असमंजसपूर्ण करार देते हुए कहा कि हमें यह मंजूर नहीं है। प्रधानमंत्री को चाहिए कि वह देश को स्पष्ट रूप से बताएं कि चीन की आपत्तिजनक कार्रवाईयों से निपटने के लिए हम क्या कर रहे हैं।

वह यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान चीन द्वारा लद्दाख में गत दिनों की गई घुसपैठ पर भारत सरकार की प्रतिक्रिया पर अपना पक्ष रख रहे थे। उन्होंने कहा कि चीन ने क्या किया, यह सभी को पता है। लेकिन उसे रोकने के लिए केंद्र ने क्या कदम उठाए हैं, उन्हें लेकर परस्पर विरोधाभास है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद एक बात करते हैं, केंद्रीय रक्षा मंत्री एके एंटनी दूसरी बात करते हैं। समझ में नहीं आता कि केंद्र सरकार में कौन सा मंत्री सही बोल रहा है और कौन गलत। पूरी तरह असमंजस का माहौल बना हुआ है।

जावेडकर ने कहा कि चीन के प्रति मौजूदा केंद्रीय सरकार की विदेश नीति त्रुटिपूर्ण है। यह देश की एकता और अखंडता के लिए घातक साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि हम सभी चीन के साथ बेहतर संबंध चाहते हैं, लेकिन यूपीए सरकार की विदेश नीति गलत है। पूरा देश जानना चाहता है कि आखिर चीन के साथ कौन सा समझौता हुआ है, जिसके बाद लद्दाख में घुसपैठ करने वाले उसके सैनिक लौटे हैं।

उन्होंने कहा कि चीन की अपनी सामरिक योजनाएं और नीतियां हैं, हमारी अपनी सामरिक प्राथमिकताएं और योजनाएं हैं। चीन के प्रति हमारी एक ही नीति होनी चाहिए, लेकिन एक मंत्रालय कुछ कहता है और दूसरा कुछ। जब मंत्रालयों के बीच ही तालमेल नहीं होगा और सभी अलग अलग दिशा में बात करेंगे तो दुविधा व असमंजस पैदा होगा। यह देश की एकता और सामरिक हितों के लिए खतरनाक साबित होगा।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पूरा देश चाहता है कि चीन के प्रति एक ही योजना, एक ही नीति और एक ही आवाज हो।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर