विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 15, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पाक ने फिर 16 चौकियों पर बरसाई गोलियां

By Edited By:
Published: Thu, 15 Aug 2013 01:45 AM (IST)Updated: Thu, 15 Aug 2013 01:46 AM (IST)

News Article Hero Image

जम्मू, श्रीनगर [जागरण न्यूज नेटवर्क]। पिछले चार दिनों में पाकिस्तानी सेना ने नौंवी बार संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए बुधवार को पुंछ जिले के हमीरपुर-बालाकोट और मेंढर समेत 16 भारतीय चौकियों पर मंगलवार रात भर गोलियां बरसाई। भारतीय सेना ने भी इसका माकूल जवाब दिया। वहीं बुधवार तड़के उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा के साथ सटे कुपवाड़ा जिले में जवानों ने घुसपैठ के प्रयास को नाकाम बनाते हुए दो पाकिस्तान प्रशिक्षित आतंकियों को मार गिराया।

सेना के प्रवक्ता एसएन आचार्य ने बताया कि पाकिस्तानी सेना की 605 मुजाहिद रेजीमेंट के जवानों ने रात भर भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की। हमले में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

गोलीबारी बुधवार सुबह छह बजे तक चलती रही। इस बीच भारतीय सेना के जवानों ने कुपवाड़ा में केरन सेक्टर के बगना इलाके में सीमा पार से स्वचालित हथियारों से लैस आतंकियों के एक दल को आते देखा। आतंकी बारिश और धुंध का लाभ लेते हुए नियंत्रण रेखा पर तारबंदी तक आने में कामयाब रहे। मुस्तैद जवानों ने आतंकियों को समर्पण करने की चेतावनी देकर ललकारा। इसके बाद हुए मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया। मारे गए आतंकियों के अन्य साथियों की धरपकड़ के लिए सेना का तलाशी अभियान जारी है।

श्रीनगर। वादी में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान किसी भी गड़बड़ी से निपटने के लिए किए गए कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच कुछ बुर्काधारी युवतियों ने लाल चौक से सटे प्रताप पार्क में पाकिस्तानी झंडे लहराए। साथ ही पाकिस्तानी राष्ट्रगीत भी गाया। इसके बाद पार्क की रेलिंग से झंडे बांधकर वहां से निकल गई। बाद में पुलिस ने दोनों झंडों को वहां से उतार अपने कब्जे में ले लिया। इन युवतियों का संबंध कश्मीर की प्रमुख महिला अलगाववादी संगठन दुख्तरान-ए-मिल्लत से बताया जा रहा है। गौरतलब है कि 14 अगस्त को पाकिस्तान में स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर