विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 02, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मुख्य चौक पर बसें खड़ी करने से हो रहे हादसे

By JagranEdited By:
Published: Tue, 02 May 2017 01:01 AM (IST)

जागरण संवाददाता, गगरेट : कस्बे के मुख्य चौक पर बसें खड़ी करने की बस चालकों की हठधर्मी अब लोगों की जिं

मुख्य चौक पर बसें खड़ी करने से हो रहे हादसे
मुख्य चौक पर बसें खड़ी करने से हो रहे हादसे

जागरण संवाददाता, गगरेट : कस्बे के मुख्य चौक पर बसें खड़ी करने की बस चालकों की हठधर्मी अब लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ने लगी है। आलम यह है कि होशियारपुर-मुबारिकपुर मार्ग पर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम व पंजाब रोडवेज की सभी बसें मुख्य चौक को ही बस अड्डे का रूप देखकर यात्रियों को उतार-चढ़ा रही हैं। यहां आए दिन कोई न कोई वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहा है। सोमवार को भी एक बस के यहां खड़ी होने के कारण एक मोटरसाइकिल सवार पिता-पुत्री दुर्घटना के शिकार हो गए। हालांकि आपसी समझौता होने के कारण मामला दर्ज नहीं हो पाया है।

गगरेट कस्बे का मुख्य चौक अति व्यस्त चौक होने के बावजूद यहां दुर्घटनाओं के असली कारणों पर यातायात पुलिस का भी ध्यान नहीं गया है। इस चौक से गुजरने वाली सभी एचआरटीसी व पंजाब रोडवेज की बसें चौक को ही बस अड्डे के रूप में प्रयोग कर रही हैं। कई बार इन बसों के कारण मुख्य चौक पर यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है तो एक-दो बार नहीं बल्कि कई बार ये बसें सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनी हैं लेकिन यातायात पुलिस ने इन बसों को यहां खड़ी न होने की हिदायत जारी नहीं की।

सोमवार को भी मोटरसाइकिल पर सवार पिता-पुत्री काल का ग्रास बनने से बाल-बाल बच गए। दरअसल सोमवार सुबह पंजाब रोडवेज की एक बस मुख्य चौक पर ही खड़ी होकर सवारियां चढ़ा रही थी कि तभी बस को ओवरटेक करते एक ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। पिता-पुत्री चोटिल तो जरूर हुए लेकिन बाल-बाल बच गए। अगर यही बसें करोड़ों रुपये की लागत से बने बस अड्डे को यात्रियों को चढ़ाने व उतारने के लिए इस्तेमाल करें तो न सिर्फ बस अड्डे की रौनक बढ़ेगी बल्कि ब्लैक स्पाट के रूप में उभर रहे मुख्य चौक पर भी यातायात सुगम हो सकेगा। इस संबंध में यातायात पुलिस प्रभारी प्रवेश कुमार ने कहा कि बस चालकों को यहां पर बसें खड़ी न करने की हिदायत दी जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।