हिमाचल प्रदेश में ठंडी हवाओं ने लुढ़काया पारा
प्रदेश में मौसम के कड़े तेवर 14 सितंबर तक बने रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हवा सक्रिय होने से मौसम में परिवर्तन आने की संभावना है। ...और पढ़ें

शिमला, जागरण संवाददाता। हिमाचल प्रदेश में मौसम की करवट से सितंबर में दिसंबर जैसी ठंड महसूस होने लगी है। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में सुबह से सूर्य व बादलों के बीच आंखमिचौली होती रही। दोपहर बाद अचानक ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
प्रदेश में मौसम के कड़े तेवर 14 सितंबर तक बने रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हवा सक्रिय होने से मौसम में परिवर्तन आने की संभावना है। मंगलवार को प्रदेश के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है जबकि राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में आसमान बादलों से घिरा रहने व ठंड का प्रकोप होने की संभावना है।
त्योहारी सीजन में मौसम का परिवर्तन लोगों के कार्य में बाधा डाल सकता है। प्रदेश के न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बीते 10 दिनों में प्रदेश में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
बीते 24 घंटे के दौरान शिमला जिला के कुमारसैन में सबसे अधिक 28 मिलीमीटर बारिश हुई। प्रदेश में हो रही बेमौसमी बारिश के कारण किसानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इन दिनों प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मक्की और दालों की फसलें पककर तैयार हो गई हैं। ऐसे में यदि बारिश होती है तो फसल के खराब होने की आशंका है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।