विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 27, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पांच साल की बच्‍ची को 20 हजार में रखा गिरवी, अत्‍याचार व दुष्‍कर्म की होती रही शिकार

By Sunil Kumar JhaEdited By:
Published: Thu, 27 Jul 2017 09:21 AM (IST)

राेहतक के कलानौर क्षेत्र में एक परिवार ने महज 20 हजार रुपये में पांच साल की बच्‍ची को गिरवी रख ...और पढ़ें

पांच साल की बच्‍ची को 20 हजार में रखा गिरवी, अत्‍याचार व दुष्‍कर्म की होती रही शिकार
पांच साल की बच्‍ची को 20 हजार में रखा गिरवी, अत्‍याचार व दुष्‍कर्म की होती रही शिकार

जेएनएन, कलानौर (रोहतक)। हरियाणा के रोहतक जिले के कलानौर क्षेत्र में एक परिवार ने पंजाब के फरीदकोट जिले की एक नाबालिग लड़की को गिरवी रख रखा था। लड़की को उसके पिता ने पांच वर्ष की उम्र में महज 20 हजार रुपये के कर्ज के लिए गिरवी रख दिया था। लड़की अब 15 साल की है और परिवार के मुखिया का बेटा उससे दुष्‍कर्म करता था। मामले का खुलासा होने पर सनसनी फैल गई।

मामला रोहतक के कलनौर क्षेत्र के सैंपल गांव का है। लड़की ने गांव के एक परिवार पर बंधक बनाकर रखने और दुष्कर्म करने के संगीन आरोप लगाए हैं। लड़की ने बताया कि उसके पिता ने महज पांच वर्ष की उम्र में उसे 20 हजार रुपये लेकर उक्त परिवार के पास गिरवी रख दिया था। लड़की के बयान पर परिवार के तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। फिलहाल लड़की को रोहतक के बाल आश्रम में रखा गया है।

चाइल्ड लाइन और बाल कल्याण समिति की टीम को सूचना मिली कि थी कि गांव सैंपल में पालाराम ने पंजाब के फरीदकोट के एक गांव की लड़की को गिरवी रखा हुआ है। लड़की का शोषण किया जा रहा है। पालाराम के घर पर छापा मारकर लड़की को बरामद कर लिया गया।

लड़की ने वहां खुद को गिरवी रखने और किए जा रहे अत्‍याचार के बारे में बताया तो टीम के सदस्‍य भी अवाक रह गए। लड़की ने बताया कि बर्तन नहीं धोने पर उसे चिमटे से दागा जाता था और खाना भी नहीं दिया जाता था। पिछले चार माह से पालाराम का बेटा नरेंद्र उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था।

लड़की ने बताया कि उसने यहां से कई बार भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया जाता था और फिर उसे जमकर पीटा जाता था। चाइल्ड लाइन कमेटी की पदाधिकारी पूजा ने बताया कि नरेंद्र, रामरति और पालाराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।