यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 11, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
योजना के तहत 194 लाभपात्रों को मिली पहली किस्त

संवाद सहयोगी, असंध : एसडीएम विक्रम मलिक ने कहा कि प्रियदर्शिनी आवास योजना के तहत 194 पात्र व्यक्तियों को 25 हजार रुपये की पहली किस्त मकान बनाने के लिए दी गई है। दूसरी किस्त लाभ पात्र व्यक्तियों को जल्द दी जाएगी। योजना का लाभ इंदिरा आवास योजना की प्रतीक्षा सूची के सभी पात्र व्यक्तियों, महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के पात्र व्यक्ति को दिया जाएगा। ऐसे पात्र व्यक्ति जो परिवार की आवश्यकता के अनुसार मकान का विस्तार करना चाहते है उन्हे पंजाब नेशनल बैंक की ओर से एक लाख रुपये तक ऋण उपलब्ध कराया जाता है।
योजना के तहत दो वर्ष के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में दो लाख परिवारों को आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी। पात्र व्यक्ति को आवास निर्माण के लिए 90 हजार 100 रुपये की राशि तीन किस्तों में सीधे उनके बैंक खाते में जमा करवाई जाएगी। इसमें 25 हजार रुपये की पहली किस्त मकान निर्माण कार्य शुरू करने पर। 35 हजार रुपये की राशि लेंटर डालने के बाद व शेष राशि मकान का ढांचा खड़ा होने के बाद दी जाएगी। इसके अलावा निर्मल भारत अभियान के तहत पात्र व्यक्ति को अलग से 9100 रुपये शौचालय के निर्माण के लिए दिए जाएंगे। सरकार की ओर से प्रियदर्शिनी आवास योजना का लाभ शहरी क्षेत्र में जीवन बसर करने वाले गरीब व कमजोर वर्ग के लोगों को भी दिया जाएगा। शहरी क्षेत्र में इस योजना के तहत डेढ़ लाख मकान बनाए जाएंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
