Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दस साल बिना खाए जीवित रह सकता है 'बेबी ड्रैगन'

    By Manish NegiEdited By:
    Updated: Thu, 11 Feb 2016 03:49 PM (IST)

    यूरोपीय देश स्लोवेनिया में जीव विज्ञानियों ने गहरी गुफा में रहने वाले ऐसे जीव का पता लगाया जो सौ साल जीवित रहता है तथा दस साल तक बिना कुछ खाए जिंदा रह सकता है।

    नई दिल्ली। यूरोपीय देश स्लोवेनिया में जीव विज्ञानियों ने गहरी गुफा में रहने वाले ऐसे जीव का पता लगाया जो सौ साल जीवित रहता है तथा दस साल तक बिना कुछ खाए जिंदा रह सकता है।

    आकृति ड्रैगन से मिलती-जुलती होने के कारण इसे बेबी ड्रैगन नाम भी दिया गया है। एक फुट लंबे तथा रेंगने वाले इस जीव का वास्तविक नाम 'ओल्म' है। शोध में विज्ञानियों को गुफा में स्थित जलाशय में उसके अनेक अंडों का पता चला जिनमें से नवजात बाहर आने वाले हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बनावट से ड्रैगन का वंशज

    एक और विशेषता यह है कि शिकार करने के लिए इसकी सुनने और सूंघने की क्षमता असाधारण है पर यह देख नहीं सकता, यानी जन्मजात अंधा होता है। यह विद्युत और चुंबकीय क्षेत्र की पहचान भी कर सकता है। लंबे घुमावदार शरीर, गोल मटोल पैर और झालरदार फूली हुई गर्दन के कारण इसके ड्रैगन का वंशज होने का भ्रम होता है।

    आयु का रहस्य

    यह मुंह से आग तो नहीं उगलता पर इसकी कई विशेषताएं ऐसी हैं जो पौराणिक पात्रों से मेल खाती हैं। सबसे बड़ी खासियत ऐसी है जो जीव विज्ञानियों के साथ अन्य विशेषज्ञों को भी अनुसंधान के लिए प्रेरित करती है। वह दस साल तक बिना कुछ खाए जिंदा रह सकता है। इसकी सौ साल की आयु का रहस्य जानने की भी जरूरत है।

    जल-थल दोनों में रह सकता

    यह जल और थल, दोनों में रह सकता है। मादा ओल्म 15 साल की उम्र में वयस्क होती है, छह वर्ष में एक बार अंडे देती है। विज्ञानी सेसो वेल्ट के अनुसार 2013 में अंतिम बार ओल्म बेबी का जन्म हुआ था, इसके बाद अंडे तो दिए गए लेकिन कई में से बच्चे बाहर नहीं आ सके और कुछ अंडों को अन्य ओल्म खा गए।

    दुर्लभ अवसर

    धरती पर ऐसा जीव होना वास्तव में आश्चर्यजनक है। वेल्ट ने कहा, उस जलाशय में मैं कूदा तो पहले एक ओल्म को देखा, फिर दूसरे को। यह ऐसा अवसर था जिसे एक जीव विज्ञानी के तौर पर मैं खोना नहीं चाहता था। गुफा में काम करने वाले कर्मचारियों को विशेष हिदायतें दी गई हैं।

    संभावना अधिक

    इस बार अंडों से बच्चे विकसित होने की संभावना काफी बताई जा रही है। जलाशय से अन्य जीवों को हटा दिया गया , केवल मादा ओल्म और उसके अंडे ही वहां रहेंगे। उम्मीद है कि मादा 20 दिन के दौरान 30 से 60 अंडे देगी, कुछ सप्ताह बाद बच्चे बाहर आएंगे। वेल्ट ने कहा, उम्मीद रखनी चाहिए कि कुछ माह में हमारे सामने अनेक नए बेबी ड्रैगन होंगे।