Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्‍तराखंड चुनाव: चार के टिकट काट भाजपा ने किए 64 प्रत्याशी घोषित

    By Sunil NegiEdited By:
    Updated: Tue, 17 Jan 2017 04:17 PM (IST)

    उत्‍तराखंड विधानसभा चुनाव 2017 के लिए भाजपा ने प्रदेश में 64 सीटों पर प्रत्‍याशी घोषित कर दिए।

    उत्‍तराखंड चुनाव: चार के टिकट काट भाजपा ने किए 64 प्रत्याशी घोषित

    देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए टिकट बंटवारे के मामले में कांग्रेस पर बढ़त लेते हुए 70 में से 64 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए। देहरादून और नैनीताल जिलों की तीन-तीन सीटों पर अभी मंथन जारी है। चार सिटिंग विधायकों के टिकट काट दिए गए। भाजपा ने कांग्रेस से आए 11 विधायकों में से नौ को टिकट दिए हैं, जबकि अमृता रावत पर अभी फैसला नहीं हुआ है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हालांकि, अमृता रावत के पति और पूर्व केंद्रीय मंत्री सतपाल महाराज को भाजपा ने मैदान में उतारा है। वहीं, विजय बहुगुणा के बजाय उनके पुत्र सौरभ को प्रत्याशी बनाया गया है। कांग्रेस में शामिल हरीश रावत कैबिनेट के सदस्य रहे यशपाल आर्य व उनके पुत्र संजीव आर्य को भी भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है। प्रत्याशियों की घोषणा के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई सीटों पर पार्टी में बागी तेवर और नाराजगी दिखाई दी है।

    यह भी पढ़ें: उत्तराखंड चुनाव : बेटा-बेटी और पत्नी के लिए टिकट मांग रहे ये नेता

    भारतीय जनता पार्टी के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और उत्तराखंड के चुनाव प्रभारी जेपी नड्डा ने प्रत्याशियों की घोषणा की। भाजपा ने चार विधायकों का पत्ता साफ किया है।

    हरिद्वार की ज्वालापुर सीट से चंद्रशेखर भट्टेवाले, पौड़ी गढ़वाल की यमकेश्वर सीट से विजया बड़थ्वाल व चौबट्टाखाल से तीरथ सिंह रावत और टिहरी की धनोल्टी सीट से महावीर रांगड़ पर पार्टी ने इस बार पर दांव नहीं खेला। भाजपा में ही शामिल हुए यशपाल आर्य, उनके पुत्र संजीव आर्य और केदार सिंह रावत को भी प्रत्याशी बनाया है।

    यह भी पढ़ें: उत्तराखंड इलेक्शन 2017: जी का जंजाल बना सोशल मीडिया का जाल

    भाजपा ने अभी देहरादून की चकराता, विकासनगर और धर्मपुर तथा नैनीताल की हल्द्वानी, भीमताल और रामनगर सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। महत्वपूर्ण बात यह कि पार्टी में चार-चार पूर्व मुख्यमंत्री होते हुए भाजपा ने किसी को मैदान में नहीं उतारा।

    साफ है कि पार्टी की रणनीति भुवन चंद्र खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी, रमेश पोखरियाल निशंक और विजय बहुगुणा का पूरा इस्तेमाल चुनाव अभियान में करने की है। उधर, प्रत्याशी घोषित होने के साथ ही तमाम सीटों पर बगावती सुर भी फूटने लगे हैं। इस तरह की लगभग डेढ़ दर्जन सीटों पर दावा कर रहे भाजपा नेता अब निर्दलीय ताल ठोकने का मन बना रहे हैं, हालांकि इनकी मान मनुहार का दौर भी शुरु हो गया है।

    उत्तराखंंड चुनाव से संबंधित खबरों केे लिए यहां क्लिक करेंं--