विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 31, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

FB पर दलित छात्र का अपमान, दिल्ली पुलिस ने अमेरिका से मांगी मदद

By JP YadavEdited By:
Published: Tue, 31 May 2016 11:10 AM (IST)Updated: Wed, 01 Jun 2016 07:46 AM (IST)

दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) के एक दलित छात्र ने कॉलेज के ही सीनियर छात्र पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। फेसबुक पर भी जाति से जुड़ी गंदी भाषा लिखी है।

News Article Hero Image

नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) के एक दलित छात्र ने कॉलेज के ही सीनियर छात्र पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। फेसबुक पर भी जाति से जुड़ी गंदी भाषा लिखी है। पीड़ित और आरोपी छात्र दोनों नॉर्थ कैंपस के एक ही कॉलेज से कानून की पढ़ाई रहे हैं। पीड़ित दलित छात्र फर्स्ट ईयर तो आरोपी छात्र थर्ड ईयर का छात्र है।

पीड़ित की शिकायत पर मौरिस नगर थाने में आरोपी छात्र के खिलाफ एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।उसने फेसबुक के स्क्रीन शॉट्स और अन्य सबूतों के साथ दिल्ली पुलिस में शिकायत की है। इसमें रैगिंग का भी जिक्र है। पुलिस ने अब जांच में मदद के लिए अमेरिका में फेसबुक कंपनी को पत्र लिखा है।

दलित छात्र न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में परिवार के साथ रहता है। उसका आरोप है कि प्रथम वर्ष का छात्र होने की वजह से कॉलेज में शुरू से ही उसे परेशान करने के लिए आरोपी छात्र ने रैंगिंग वाला अंदाज अपनाया।

पीड़ित का आरोप है कि कॉलेज के अंदर सार्वजनिक तौर पर उसे जाति सूचक संबोधन से बुलाया जाता है। उसका यह भी आरोप है कि फेसबुक पर भी जाति से जुड़ी गंदी भाषा लिखी गई है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी छात्र के फेसबुक से कुछ मैसेज डिलीट मिले हैं, जिन्हें हासिल करने के लिए अमेरिका में फेसबुक कंपनी को लेटर भेजकर उनके सर्वर से विस्तृत जानकारी मांगी गई है।

सामाजिक कार्यकर्ता है पीड़ित छात्र

पीड़ित छात्र का कहना है कि वह सामाजिक कार्यकर्ता है। उसका कहना है कि उसके फेसबुक पर जाति से जुड़ी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उसे और उसके परिवार को मानसिक रूप से अपमानित किया गया है।