विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 09, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चुनाव सुधार के लिए अन्ना हजारे का बड़ा एलान, आंदोलन की भी तैयारी

By JP YadavEdited By:
Published: Sun, 09 Apr 2017 07:27 AM (IST)Updated: Sun, 09 Apr 2017 10:33 PM (IST)

अन्ना हजारे इस बाबत दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आगामी 16 अप्रैल को देश के कुछ बड़े दिग्गजों के साथ चुनाव सुधार का ड्राफ्ट तैयार करने जा रहे हैं।

चुनाव सुधार के लिए अन्ना हजारे का बड़ा एलान, आंदोलन की भी तैयारी
चुनाव सुधार के लिए अन्ना हजारे का बड़ा एलान, आंदोलन की भी तैयारी

नोएडा (जेएनएन)। देश के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता व इंडिया अगेंस्ट करप्शन ऑफ वालंटियर एसोसिएशन (आइएसी-वीए) के संचालक अन्ना हजारे चुनाव सुधारों की मांग को लेकर सड़क पर उतर सकते हैं।

जनलोकपाल को लेकर देशव्यापी आंदोलन करने के पूरे चार साल बाद वह दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आगामी 16 अप्रैल को देश के कुछ बड़े दिग्गजों के साथ चुनाव सुधार का ड्राफ्ट तैयार करने जा रहे हैं।

इसके अगले दिन यानि 17 अप्रैल को वह आइटीओ स्थित एनडी तिवारी सभागार में कार्यकर्ताओं के साथ आगामी रणनीति पर वृहद चर्चा करेंगे। इससे पहले तैयार किया गया ड्राफ्ट सभी राजनीतिक पार्टियों को सौंपा जाएगा। यदि इस पर सभी सहमत नहीं होते तो वह फिर बड़ा आंदोलन कर सकते हैं।

आइएसी-वीए के राष्ट्रीय संयोजक सुनील लाल ने बताया कि चुनाव सुधारों पर ड्राफ्ट तैयार करने के लिए पूर्व कैबिनेट सेक्रेटरी टीएसआर सुब्रमणियम, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील फली नरीमन, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएस कृष्णमूर्ति व डॉ. डीएन गोपालस्वामी, पूर्व आइएस व लोकसत्ता के संस्थापक डॉ. जेपी नारायणन, आइआइएम के प्रो. जगदीप छोकर, फिल्मकार व लेखक प्रॉन्जॉय गुहा, इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया के लीगल एडवाइजर एसके मेंदिरत्ता व केजी राव जैसे दिग्गज मौजूद होंगे।

इस दौरान राजनीतिक पार्टियों को मिलने वाली फंडिंग में पारदर्शिता, राजनीतिक पार्टियों को आरटीआइ के दायरे में लाने, पार्टी के चुनाव चिन्ह की जगह ईवीएम में उसके प्रत्याशी का चेहरा होने व निष्पक्ष चुनाव के लिए निष्पक्ष नामांकन जैसी मांगें शामिल होंगी। इसमें राइट टू रिकॉल को भी शामिल किया जा सकता है।

दादी की रसोई के संचालक अनूप खन्ना मीडिया प्रभारी

सेक्टर 29 स्थित गंगा शॉपिंग कॉम्पलेक्स में पांच रुपये में देशी घी का तड़का लगा भोजन की रसोईं चलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता अनूप खन्ना को अन्ना हजारे ने मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है।

उन्हें एनसीआर व पश्चिमी यूपी का संयोजक नियुक्त किया गया है। अभी कुछ दिन पहले ही अन्ना हजारे ने फोन पर अनूप खन्ना को पांच रुपये में गरीबों को भोजन देने के लिए सराहना की थी। अनूप खन्ना ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए निष्पक्ष नामांकन जरूरी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।