चार बच्चों की मां को पति ने फोन पर बोला तलाक...तलाक...तलाक
महिला का आरोप है कि चार दिन पहले उसके पति ने फोन किया और फोन पर ही तीन बार तलाक बोल दिया।
नोएडा [जेएनएन]। एक महिला को पति द्वारा फोन पर तीन बार तलाक बोलने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि ससुराल में उसके साथ मारपीट होती थी। करीब एक सप्ताह पहले ही वह ससुराल से मां के साथ नोएडा आई है। चार दिन पहले पति ने फोन कर उसे तीन बार तलाक बोल दिया। हालांकि पीड़िता की तरफ से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है।
सेक्टर-5 के हरौला गांव में रहने वाली महिला की 10 वर्ष पहले कापसहेड़ा दिल्ली में रहने वाले एक युवक से शादी हुई। शादी के कुछ वर्ष बाद महिला अपने पति के साथ मोतिहारी बिहार स्थित अपने ससुराल आ गई। पति का पूरा परिवार वहीं रहता है। पीड़ित महिला ने बताया कि उसके चार बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि पिछले कुछ समय से ससुराल के लोग उसे काफी परेशान कर रहे थे।
महिला के साथ होती थी मारपीट
दहेज को लेकर भी उसके साथ मारपीट होती थी। मामले की जानकारी होने पर एक सप्ताह पहले उसकी मां उसे लेकर नोएडा आ गई। महिला के अनुसार ससुराल के लोग बच्चों को साथ नहीं आने दे रहे थे। काफी प्रयास कर वह दो छोटे बच्चों को साथ लेकर आई, जबकि दो बच्चे पति के साथ हैं।
फोन पर दिया तलाक
महिला का आरोप है कि चार दिन पहले उसके पति ने फोन किया और फोन पर ही तीन बार तलाक बोल दिया। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलते वह इस बात की जानकारी भाई को नहीं दे रही थी। पीड़ित महिला ने बताया कि वह ससुराल के लोगों के व्यवहार और फिर तलाक से काफी परेशान है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।